
Spider-Man Brand New Day: हॉलीवुड स्टार टॉम हॉलैंड (Tom Holland) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनकी मोस्टअवेटेड फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' रिलीज से पहले ही शानदार प्रतिक्रियाएं बटोर रही है। शुरुआती स्क्रीनिंग देखने वाले कई क्रिटिक्स ने फिल्म को अब तक की बेहतरीन स्पाइडर-मैन फिल्मों में से एक बताया है। इसी के साथ टॉम हॉलैंड ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वो हॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद और सबसे ज्यादा कमाई करने वाले युवा सितारों में क्यों गिने जाते हैं।
31 जुलाई 2026 को रिलीज होने जा रही 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' (Spider-Man Brand New Day) को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म में टॉम हॉलैंड और जेंडाया लीड रोल में हैं। इंटरनेशनल स्क्रीनिंग के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए शुरुआती रिएक्शन काफी सकारात्मक रहे हैं। बता दें, फिल्म क्रिटिक्स एरिक डेविस ने एक्स पर लिखा कि निर्देशक डेस्टिन डेनियल क्रेटन ने इस फिल्म में एनर्जी भर दी है। उनके मुताबिक ये फिल्म पिछली स्पाइडर-मैन ट्रिलॉजी की तुलना में ज्यादा दमदार और इमोशन्स के साथ बनाई गई है। उन्होंने इसे स्पाइडर-मैन फैंस के लिए एक लव लेटर बताया।
तो वहीं, एक अन्य एक्स अकाउंट 'द हॉलीवुड हैंडल' ने इसे टॉम हॉलैंड की अब तक की सबसे बेहतरीन स्पाइडर-मैन फिल्म बताते हुए लिखा कि ये उन फिल्मों में शामिल है, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा। पोस्ट में फिल्म के निर्देशन, इमोशनल सीन्स और पीटर पार्कर के किरदार को बेहद दमदार बताया गया।
टॉम हॉलैंड की लोकप्रियता सिर्फ स्पाइडर-मैन तक सीमित नहीं है। बता दें, 30 साल या उससे कम उम्र के स्टार्स में उनकी फिल्मों ने करीब 12 अरब डॉलर का वैश्विक कारोबार किया है, जो उन्हें दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले युवा अभिनेताओं में शामिल करता है।
दरअसल, इस साल भी टॉम दो बड़ी फिल्मों में नजर आए हैं। एक ओर उन्होंने क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' में टेलीमेकस का किरदार निभाया, तो वहीं दूसरी ओर वो स्पाइडर-मैन के रूप में वापसी कर रहे हैं।
टॉम हॉलैंड की पिछली रिलीज 'द ओडिसी' को भारत में भी शानदार प्रतिक्रिया मिली। फिल्म ने रिलीज के 11 दिनों में 123.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया, जिसकी वजह से अनुमान लगाया जा रहा है कि 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' से भी भारत में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
मार्वल फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है। शुरुआती प्रतिक्रियाओं के बाद अब सभी की निगाहें इसकी आधिकारिक रिलीज और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं।