बगैर मैदान कैसे जीतेंगे खिताब

खिलाडिय़ों ने कीचड़ भरे मैदानों में अभ्यास किया और अब खिलाडिय़ों की अगली पीढ़ी भी ऐसे ही मैदानों पर अभ्यास कर रही है।
2 min read
• •
Updated: 17 Sep 2016, 3:02 PM IST
ground
ground
इटारसी.
शहर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं हैं। कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने शहर का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। इन खिलाडिय़ों ने कीचड़ भरे मैदानों में अभ्यास किया और अब खिलाडिय़ों की अगली पीढ़ी भी ऐसे ही मैदानों पर अभ्यास कर रही है। साधन और संसाधनों की कमी से जूझ रहे नन्हें खिलाड़ी जी-जान से अभ्यास में जुटे हैं। हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल और सॉफ्टबॉल सहित अन्य खेलों के खिलाडिय़ों को सबसे बड़ी कमी मैदान की खलती है। जो मैदान है वो बेहद छोटे हैं या फिर उसमें सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम होते रहते हैं। ऐसे में अभ्यास करने की बड़ी समस्या है। इसके बाद शासन से संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण खिलाडिय़ों को स्वयं के खर्च पर खेल सामग्री खरीदना पड़ता है।

-शहर में हॉकी के लिए मैदान ही नहीं हैं। हॉकी अब एस्ट्रोटर्फ पर होती है। इस तरह का खेल मैदान शहर में नहीं है।

विशाल तोमर, हॉकी खिलाड़ी

-शहर के खिलाडिय़ों के लिए मैदान नहीं हैं जो है उसमें बारिश में कीचड़ रहती है। अधिकांश दिनों में कार्यक्रम होते हैं।

राकेश रायकवार, सीनियर खिलाड़ी

-हम अभ्यास तो करते हैं लेकिन टर्फ पर प्रतियोगिता होती है तो हम पिछड़ जाते हैं। संसाधनों की भी बहुत कमी है।

बुशरा बानो, हॉकी खिलाड़ी

-खेलने के लिए अच्छा मैदान नहीं है फ्रेंड्स स्कूल में हम अभ्यास करते हैं। खिलाड़ी ज्यादा है पर मैदान छोटा पड़ता है।

शालू पटेल, सॉफ्टबॉल खिलाड़ी

-मैदान ही नहीं है पूरे शहर में, जो उपलब्ध हैं उसमें बारिश के दिनों में कीचड़ भरा रहता है। कभी प्रोग्राम होते रहते हैं।

सनम खातून, फुटबॉल खिलाड़ी

-खेल सामग्री नहीं है। कटे-फटे ग्लब्ज है, बॉल भी महंगी आती है जो एक बार गीली हो जाए तो खराब हो जाती है।

सत्यम सिंह, सॉफ्टबॉल खिलाड़ी

-फुटबॉल के लिए शहर में कोई भी इंतजाम नहीं है। यहां अकादमी खुलना चाहिए जिसमें प्रशिक्षण मिल सके।

नाबेद खान, फुटबॉल खिलाड़ी

-मैदान में कीचड़ रहता है इसलिए संभल कर खेलना पड़ता है। अभ्यास प्लास्टिक की बॉल से करना पड़ रहा है।

सोनल रैकवार, सॉफ्टबॉल खिलाड़ी

-क्रिकेट के प्रशिक्षण के लिए शहर में कुछ भी नहीं हैं। खिलाडिय़ों को सामान भी उपलब्ध नहीं कराया जाता है।

कुलभूषण मिश्रा, संचालक क्रिकेट अकादमी

-न मैदान है और न सामग्री है। हम जिन संसाधनों से अभ्यास करते हैं उसे लेकर विदेश खेलने जाएं तो हंसी के पात्र बनेंगे।

आलोक चौधरी, इंटरनेशनल प्लेयर
Published on: