वर्ष 2016 की 31 दिसंबर को विदाई और नए साल 2017 के आगमन को लेकर मनाए जाने वाले जश्न के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते समय सड़क हादसे में मौत एवं घायल होने से लोगों खासकर युवाओं को बचाने के लिए इस बार पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। इस अभियान को बुझने नहीं देगा चिरागा नाम दिया गया है। इसमें विभिन्न मुख्य टे्रफिक पाइंटों, रेस्टोरेंट-होटलों, पार्कों के सामने पुलिस एवं ट्रैफिक के जवान तैनात किए जाएंगे। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर भारी चालानी कार्रवाई होगी।
एसपी आशुतोष प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों के कटु अनुभवों के मद्देनजर इस बार नए साल के जश्न की आड़ में शराब पीकर हुड़दंग मचाने एवं तेजी से वाहन चलाकर एक्सीडेंट करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती रोक लगाई जाएगी। जिले के सभी 16 थानों के थाना प्रभारियों एवं एसडीओपी सहित टै्रफिक अमला एनएच-69 होशंगाबाद से लेकर केसला तक, स्टेट हाइवे के हरदा और पिपरिया रोड सहित शहरी इलाके के मुख्य पाइंटों पर चेकिंग करेगा। यह चेकिंग 31 दिसंबर की शाम से शुरू होकर 1 जनवरी की रात तक चलेगी। पुलिस ने यह भी हिदायत दी है कि अगर नए साल का जश्न मनाने घर से कहीं दूर रेस्टोरेंट, होटल, ढाबे पर जा रहे हैं तो इस दौरान शराब का सेवन कर रहे हैं तो अपने साथ बिना शराब पीने वाले व्यक्ति को साथ रखें, ताकि वह आपको वाहन से सुरक्षित घर छोड़ सके।
इन बिंदुओं पर पुलिस रहेगी सक्रिय
-शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच
- वाहन के कागजातों की चेकिंग, कमी पाए जाने पर भारी चालान
- चौक-चौराहों एवं सड़कों पर तेजी से वाहन दौड़ाने पर होगी धरपकड़
- जश्न की आड़ में हुड़दंग, गदर एवं लड़ाई झगड़े करने पर सख्त कार्रवाई
- एक्सीडेंटल जोन एवं ब्लेक स्पाट पर डायल-100 व 108 तैनात रहेगी