यमुना एक्सप्रेसवे के राया कट पुल पर मौत को बेहद करीब से देखकर लौटे 40 यात्रियों के लिए वह मंजर किसी भयानक सपने से कम नहीं था। दिल्ली के कश्मीरी गेट से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही खजुराहो ट्रेवल्स की स्लीपर बस (MP14ZH5063) में अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक बस के भीतर "भागो-भागो" की चीख-पुकार गूंज उठी। नींद खुली तो सामने आग की ऊंची लपटें और चारों तरफ घना काला धुआं भर चुका था।