
नई दिल्ली। साल 2014 से इस प्रेम कहानी की शुरुआत हुई थी। जब एक अध्यापक की मुलाकात उसकी स्टूडेंट की मां से हुई थी। अध्यापक का नाम जेसी विटमेयर है तो वहीं उनकी स्टूडेंट का नाम शीरा (10) है। शीरा की मां का नाम क्रिस्टा मिलर (29) हैं, जो उसकी सिंगल पेरेंट थीं। शीरा हमेशा घर आकर अपनी मां से जेसी के बारे में बातें करती थी। वह अपनी मां से कहती थी कि जेसी उसका पसंदीदा टीचर है, जिसे वह प्यार से मिस्टर थोर बुलाया करती थी। क्योंकि जेसी के बाल काफी घने और लंबे थे।
करीब एक साल के अंतराल के बाद जब क्रिस्टा शीरा को स्कूल छोड़ने और वापस ले जाने आती थी तो उनकी जेसी कभी-कभार होने वाली बातें शुरु हो गई। जेसी को लगा कि उनके और क्रिस्टा के बीच एक संबंध स्थापित हो रहा है, जो काफी खास और अलग है। काफी हिम्मत जुटाने के बाद साल 2015 के अक्टूबर महीने में जेसी ने क्रिस्टा को कॉफी पर चलने के लिए आमंत्रित कर दिया। जेसी के प्यारे से निमंत्रण को क्रिस्टा किसी भी कीमत पर नहीं ठुकराना चाहती थीं, लिहाज़ा उन्होंने हां कर दिया। कॉफी डेट पर दोनों के बीच काफी देर तक बातें भी हुईं।
क्रिस्टा से उम्र में 3 साल छोटे जेसी ने शीरा की मां को एक रोमांटिक वॉक के लिए प्रपोज़ किया। जहां के लिए जेसी के साथ-साथ शीरा के दिमाग में एक बहुत ही बेहतरीन प्लान था। जेसी ने वॉक के दौरान अपने एक घुटने पर बैठ गए और क्रिस्टा के साथ-साथ शीरा को भी प्रपोज़ कर दिया। जेसी ने कहा कि उन्हें उनकी ज़िंदगी में वो दोनों चाहिए। जेसी ने शीरा से दो सवाल किए- क्या वो उसके पिता बन सकते हैं और क्या शीरा उन्हें क्रिस्टा से शादी के लिए परमिशन देंगी। जिसके बाद क्रिस्टा और शीरा ने एक साथ जेसी के सवालों का जवाब देते हुए हां कह दिया। आपको जानकर बेहद खुशी होगी कि अब तीनों एक साथ रहते हैं और काफी खुश हैं।