अरबाज़ खान और मलाइका अरोड़ा की 18 साल की शादी 11 मई 2016 को कानूनी तौर पर टूट गई थी।
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस का रोका हो चुका है। हिंदू रीति-रिवाज़ के साथ प्रियंका और निक का रोका कार्यक्रम मुंबई में पूरा हुआ। इसके साथ ही इस बात की पुष्टि भी हो चुकी है कि प्रियंका और निक जोनस बहुत जल्द ही शादी कर सकते हैं। प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस के बाद बॉलीवुड की एक अन्य जोड़ी की शादी भी काफी चर्चाओं में है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बॉलीवुड की सुपरहिट जोड़ी दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह भी इसी साल शादी के बंधन में बंध जाएंगे। लेकिन इन दोनों शादियों के साथ ही एक और एक्टर की शादी है, जिसने धीरे-धीरे चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है।
जी हां, ये शादी है सलमान खान के घर में होने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बहुत जल्द ही बॉलीवुड के दबंग, सलमान खान के घर में भी शहनाई बजने वाली है। खबर में आगे बढ़ने से पहले आपको बता दें कि ये शादी सलमान खान की नहीं बल्कि उनके भाई अरबाज खान की है। आपने बिल्कुल ठीक सुना, सलमान के भाई अरबाज़ खान अपनी गर्लफ्रेंड जॉर्जिया एंड्रियानी के साथ इसी साल शादी के बंधन में बंध सकते हैं। बता दें कि मलाइका अरोड़ा से अलग होने के बाद अरबाज बीते काफी समय से जॉर्जिया एंड्रियानी को डेट कर रहे हैं। जॉर्जिया एंड्रियानी पेशे से एक मॉडल हैं और फिलहाल अरबाज़ खान के साथ रिलेशनशिप में हैं।
गौरतलब है कि अरबाज़ खान और मलाइका अरोड़ा की 18 साल की शादी 11 मई 2016 को कानूनी तौर पर टूट गई थी। इसी दिन दोनों की तलाक की अर्ज़ी पर कोर्ट ने अपनी मुहर लगा दी थी। बताते चलें कि अरबाज़ खान और जॉर्जिया की शादी पर खान परिवार का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अरबाज़ खान पिछले कुछ समय से काफी विवादों में घिरे रहे। IPL में सट्टेबाज़ी को लेकर भी अरबाज़ खान फंस चुके हैं। कई रिपोर्ट्स में अरबाज़ और मलाइका के अलग होने के पीछे भी उनकी IPL में सट्टेबाज़ी को ही मुख्य वजह बताया जा रहा था।