
नई दिल्ली।
Coronavirus: भारत समेत पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना संकट ( COVID-19 virus ) से जूझ रही है। दुनिया में कुल संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ 31 लाख से भी ज्यादा हो चुकी है। 8 लाख से ज्यादा मरीजों की मौत हो चुकी है। तमाम वैज्ञानिक और डॉक्टर्स कोरोना वैक्सीन ( Covid-19 Vaccine ) खोजने में जुटे हुए हैं। इन सब के बीच अब वैज्ञानिकों ने बड़ा खुलासा किया है, जिसने सभी की चिंता बढ़ा दी है।
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल जीनोमिक्स ( NIBMG ) के वैज्ञानिकों ने कोरोना वायरस के जीन सीक्वेंस ( Genes ) पर एक पेपर प्रकाशित किया है। वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि यूरोपियन यात्रियों के जरिए आए वायरल स्ट्रेन ने देश को सबसे ज्यादा प्रभावी किया। ये स्ट्रेन हेप्लोटाइप थे यानी एक ही ऑरिजिन से थे। इनमें म्यूटेशन से बने वायरस के टाइप को D614G कहा जा रहा है।
क्या बेकार हो जाएगी कोरोना वैक्सीन?
कोरोना अपना रंग-रूप बदल रहा है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या कोरोना वैक्सीन बेकार हो जाएगी? क्योंकि जिस प्रकार कोरोना वायरस का म्यूटेशन हो रहा है, तो क्या वह दवा नए कोरोना वर्जन पर प्रभावी होगी? वैज्ञानिकों के मुताबिक, सार्स-कोव-2 के पास भी अलग-अलग वर्जन में बदलने की क्षमता है। मलेशिया में कोरोना वायरस के म्यूटेशन से पैदा हुआ एक खास तरह का स्ट्रेन चिंता का नया कारण बन गया है। D614G के नाम से जाना जाने वाला यह स्ट्रेन ही अब दुनियाभर में व्यापक रूप से फैल रहा है।
वैक्सीन के बेअसर का खतरा कितना?
रिपोर्ट के अनुसार, वायरस में म्यूटेशन के कारण बढ़े स्पाइक डर का उतना बड़ा कारण नहीं, क्योंकि स्पाइक प्रोटीन में फिलहाल किसी तरह का कोई जीनोम बदलाव नहीं दिख रहा। लेकिन, अगर ऐसा होता है तो वैक्सीन के बेअसर होने का खतरा हो सकता है। क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर गगनदीप कंग का कहना है कि अब तक ऐसा बदलाव नहीं दिखा है तो चिंता की बात नहीं। लेकिन, अगर म्यूटेशन से स्पाइक प्रोटीन में ही बदलाव हो तब वैक्सीन बेअसर हो सकती है। इसके लिए वायरस में किसी बदलाव पर लगातार नजर रखने की जरूरत है।