
नई दिल्ली। कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर से देश को बजाने के लिए लॉकडाउन (Lockdown) किया गया है। इसमें जरूरी चीजों को छोड़कर बाकी सभी चीजें बंद हैं। लोगों से भी घरों में रहने की अपील की गई है। इसके बावजूद कुछ लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के रामपुर में सामने आया जहां कुछ लोग हालात का जायजा लेने के लिए फालतू में सड़कों पर घूम रहे थे। तभी प्रशासनिक अधिकारियों की उन पर नजर पड़ी तो उन्हें सबक सिखाने के लिए अजीबो-गरीब सजा दे डाली।
प्रशासन ने ऐसे लोगों को चिन्हित कर उन्हें स्वैच्छिक काम दे दिया है। अब ऐसे लोग नगर पालिका में बतौर सफाई कर्मी और सरकारी अस्पतालों में वॉलंटियर्स की तरह काम करेंगे। रामपुर प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह सजा दिए जाने से लोग घरों से निकलेंगे भी नहीं। साथ ही जो पकड़े जा रहे हैं उनसे दूसरों की मदद भी हो जाएगी। ऐसे लोग रोगियों की सेवा करने, जरूरतमंदों को खाना पहुंचाने एवं अन्य तरह की सेवा में अपनी सर्विसेस देंगे।
शरारती तत्वों को सजा देने का ऐसा ही अजीबो—गरीब मामला पाकिस्तान के कराची में भी देखने को मिला था। जहां कुछ लोग बेकार में सड़कों पर घूम रहे थे। ऐसे में पुलिस ने उन्हें सबक सिखाने के लिए बीच सड़क पर मुर्गा बना दिया था। मजेदार बात यह थी कि जिस जगह लोगों को मुर्गा बनाया गया था वो पुलिस स्टेशन के सामने ही थी। इस घटना का वीडियो पाकिस्तानी जर्नलिस्ट नायला ने सोशल हैंडल पर शेयर किया था, जो काफी वायरल भी हुआ था। इसी तरह दिल्ली पुलिस लोगों को लॉकडाउन में लोगों को जागरुक करने और उनसे घरों में रहने की अपील के लिए गाांधीगिरी करती हुई नजर आई थी।