
नई दिल्ली: पुणे में एक महिला ने अपने पति की हरकतों से परेशान होकर पुलिस और महिला बाल कल्याण विभाग से शिकायत की है। महिला ने अपने पति के बारे में जो बातें बताई उसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। महिला ने कहा कि वह किसी भी हालत में अपने पति से छुटकारा चाहती है।
14 साल पहले की थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला श्वेता ने 14 साल पहले अनिल से लव मैरिज की थी। अनिल एक एक कंपनी में नौकरी करता है और उसकी सालाना इनकम 12 लाख से ज्यादा है। यहीं नहीं अनिल के पुणे में तीन फ्लैट भी हैं, जो उसने किराए पर दे रखे हैं।
शादी के कुछ सालों बाद ही अजीबोगरीब हरकत करने लगा पति
श्वेता ने बताया कि शादी के कुछ सालों तक तो सब कुछ सही था, लेकिन धीरे—धीरे उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा। वह छोटी—छोटी बातों पर परेशान करने लग गया। यही नहीं बात-बात पर जुर्माना भरने को कहने लगा।
छोटी-छोटी बातों पर लगाता है जुर्माना
महिला ने बताया कि उसका पति बाजार से केले नहीं खरीदकर लाने पर 100 रुपए, घर में टीवी ऑन रहा तो 500 रुपए, बच्चों को ट्यूशन से लाने में देरी हुई तो 2 हजार रुपए और घर का कोई स्विच ऑन रहा तो 50 रुपए का जुर्माना भरने को कहता है। श्वेता ने बताया कि कुछ समय पहले अनिल ने उसका क्रेडिड कार्ड, मोबाइल और पैसे सब छीन लिया और उसे घर से बाहर निकाल दिया।
महिला एवं बाल विभाग ने की श्वेता की काउंसिलिंग, लेकिन वह नहीं मानी
इस मामले में महिला एवं बाल विभाग ने श्वेता की काउंसिलिंग भी की, लेकिन वह अब अपने पति के साथ रहने के लिए तैयार नहीं है। श्वेता का कहना है कि वह अब किसी भी कीमत पर अपने पति के साथ नहीं रह सकती है। वह उससे छुटकारा चाहती है।