कभी आपके मन में यह सवाल उठा कि वह बिंदु अखबार में क्यों प्रकाशित किए जाते हैं? यह तो मुमकिन नहीं कि वह बिना किसी मतलब के प्रकाशित किए जाते हों।
नई दिल्ली। हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में हमें बहुत सी चीजों का मतलब नहीं पता होता। जैसे हमारे टूथपेस्ट पैक के नीचे दिए गए रंग का क्या मतलब होता है? हमारी जींस की ज़िप पर लिखे YKK का क्या मतलब होता है? घासलेट का रंग नीला क्यों होता है? जबकि वह प्राकृतिक रूप से रंगहीन होता है। इन सब बातों का अपना-अपना मतलब होता है जिसके बारे में हम आपको इससे पहले प्रकाशित किए गए आर्टिकल्स में जानकारी दे चुके हैं। आज हम आपको जानकारी देंगे प्रतिदिन पढ़े जाने वाले अखबार के बारे में। अगर आप हर दिन अखबार पढ़ने के आदि हैं या आपने कभी भी अखबार पढ़ा होगा तो आपने उसके हर पृष्ठ के नीचे चार रंग के बिंदु देखे होंगे। लेकिन कभी आपके मन में यह सवाल उठा कि वह बिंदु अखबार में क्यों प्रकाशित किए जाते हैं? यह तो मुमकिन नहीं कि वह बिना किसी मतलब के प्रकाशित किए जाते हों। अक्सर गोले के आकार में किसी भी अखबार (हिंदी, अंग्रेजी) प्रकाशित इन गोलों को CMYK रंगों के नाम से जाना जाता है।
CMYK का मतलब होता है सियान (C), मेजेन्टा (M), यलो (Y) और ब्लैक (K) यह रंग इस बात को दर्शाते हैं कि किसी भी अखबार की प्रिंटिंग में यह मुख्य रंग उपयोग किए गए हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि अखबार में सिर्फ यही रंग देखने को तो नहीं मिलते। अखबार में ऐसे कई रंग हैं जो प्रिंट रहते हैं। बता दें कि सियान (C), मेजेन्टा (M), यलो (Y) और ब्लैक (K) वह मुख्य रंग हैं जिन्हें मिलाकर बाकि रंग बनाए जाते हैं। इन रंगों को अखबार में दिख रहे बाकि रंगो का आधार कहा जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, अखबारों में छपाई हेतु इन रंगों की स्याही उपयोग में ली जाती है। इन रंगों के मेल से ही फोटोज एवं अक्षरों के सारे रंग तैयार होते हैं। इन रंगों की प्लेटें सही से लगी हैं या नहीं इसका पता इन गोलों से लगता है।