
नई दिल्ली: किकी चैलेंज को लेकर देश और दुनिया की पुलिस परेशान है। हर जगह पुलिस ने चेतावनी जारी कर दी है। लेकिन, किकी चैलेंज से लोगों को दूर रखने के लिए जयपुर पुलिस की एक कोशिश की किरकिरी हो गई।
जिंदा युवक को मृत बताकर शेयर की हार वाली फोटो
दरअसल, जयपुर पुलिस ने एक युवक का फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था। बताया गया कि किकी चैलेंज को पूरा करने की कोशिश में युवक की जान चली गई, लेकिन वह जिंदा निकला। फोटो वायरल होते ही उन पर फोन कॉल्स और मेसेज की बौछार हो गई। सभी उनका कुशल हाल लेने लगे। जबकि परिवार के कई सदस्य और रिश्तेदार सदमे में आ गए और हैरान भी हुए। जवाहर सुभाष चंद्र नाम का यह युवक कोच्चि का रहने वाला है। उसके परिवार वालों ने जयपुर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने स्वीकार की गलती
इस बारे में जयपुर पुलिस से भी अपनी गलती स्वीकार ली है। 30 साल के जवाहर मॉडलिंग करते हैं। उनकी यह तस्वीर बहुत साल पहले एक मॉडलिंग असाइनमेंट की है। इस गलती के कारण जयपुर पुलिस ट्विटर पर बुरी तरह ट्रोल भी हुई है।
एेसे शुरू हुआ किकी चैलेंज
बता दें, मशहूर रैपर ड्रेक के सॉन्ग ‘इन माय फीलिंग्स’ पर यह किकी चैलेंज शुरू हुआ है। इसके तहत लोग सड़क पर चलती गाड़ी के साथ दरवाजा खोलकर गाने के बोल ‘किकी, डू यू लव मी…’ पर डांस कर रहे हैं। इस वजह से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लिहाजा, पुलिस ने इस ओर चेतावनी जारी कर रखी है। हालांकि, लोग अभी भी ये चैलेंज एक्सेप्ट कर रहे हैं।
यहां हो चुका है बैन
मिस्र, जॉर्डन और यूएई में किकी चैलेंज को बैन किया जा चुका है। दुबई और अबु धाबी में चुनौती को स्वीकार करने वालों को जेल भेजा गया है। मुंबई पुलिस ने किकी चैलेंज के बारे में चेतावनी जारी की थी, जिसके बाद बेंगलुरु, चंडीगढ़, उत्तरप्रदेश और अब दिल्ली पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है।