
नई दिल्ली। नौकरी करनेवाले लोग अक्सर रिटायरमेंट के बाद अपने जिंदगी आराम से गुजारने के ख्वाब सजाते हैं। लेकिन ज्यादातर सपनों में ही उलझकर रह जाते हैं। बहुत कम ही ऐसे होते हैं, जो वो कर पाते हैं जो उन्होंने सोचा होता है। इनमें से ही एक निकले अलवर जिले के एक अध्यापक रमेश चंद मीणा।
31 अगस्त काे होंगे रिटायर
लक्ष्मणगढ़ के मलावली गांव के रहनेवाले वरिष्ठ अध्यापक रमेश चंद मीणा की रिटायरमेंट इन दिनों चर्चा में है। मीणा 31 अगस्त काे रिटायर हो रहे हैं। अपनी रिटायरमेंट लेकर घर जाने के लिए मीणा ने हेलिकाॅप्टर बुक कराया है। आपको बता दें कि राजस्थान में यह पहला मामला है, जब कोई टीचर रिटायरमेंट के बाद हेलिकॉप्टर से घर जाएगा।
स्कूल से अपने गांव तक के लिए हेलिकॉप्टर
रमेश चंद मीणा सौराई के सरकारी स्कूल में सामाजिक विज्ञान पढ़ाते हैं। मीणा का गांव स्कूल से कुछ 22 किमी की दूरी पर है। उन्होंने स्कूल से अपने गांव तक जाने के लिए हेलिकॉप्टर बुक कराया है। मीणा की इस मांग के लिए उन्हें कलेक्ट्रेट समेत हर जरूरी विभागों से अनुमति भी मिल चुकी है। आपको बता दें कि टीचर जी के इस यात्रा का खर्च करीब 3.70 लाख रुपए तक आएगा। उन्होंने यह कीमत पहले ही चुका दी है।
पत्नी के लिए उठाया कदम
मीणा ने यह कदम अपनी पत्नी के लिए उठाया है। उनकी इच्छा थी कि वे अपनी पत्नी को एक बार हेलिकॉप्टर में बैठाएं। बता दें कि मीणा का एक बेटा उन्हीं की तरह टीचर है, वहीं दूसरा बेटा FCI में क्वालिटी इंस्पेक्टर है।