
नई दिल्ली। काला हिरण शिकार मामले में जोधपुर कोर्ट ने फिल्म अभिनेता सलमान खान को दोषी ठहराते हुए 5 साल की सज़ा का ऐलान कर दिया है। सलमान के लिए सज़ा का ऐलान होने के साथ ही उन्हें जेल भी भेज दिया गया। जेल में टाइम काट रहे सलमान सलाखों के पीछे भी पूरे दबंग स्टाइल को बखूबी फॉलो कर रहे हैं। सलमान ने जेल में न तो खाना खाया और न ही कैदियों वाले कपड़े पहने। सलमान ने अपने लिए बाहर होटल से खाना मंगवाया था।
खबरों के मुताबिक गुरुवार को जेल जाने के बाद सलमान खान काफी बेचैन थे और बैरक के बाहर टहलते रहे। इस दौरान सलमान ने कई सिगरेट फूंक डालीं। लेकिन जेल में सलमान की रात काफी दिक्कतों भरी रहीं। जेल के बैरक में सैकड़ों मच्छरों ने सलमान का स्वैग से स्वागत किया और उन्हें जी भरकर परेशान किया। जिसके बाद सलमान ने मच्छरों को दूर रखने वाली ट्यूब लगाई और फिर चैन की नींद सो गए।