
नई दिल्ली। सऊदी अरब से इंसानियत का शर्मसार करने वाला एक बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां की एक महिला ने पैसों के लालच में आकर हैवानियत की सभी हदें पार कर दीं। एक अंग्रेज़ी वेबसाइट के मुताबिक यहां की एक महिला ने पैसों के लिए अपनी छह महीने की जुड़वा बच्चियों पर जो जुल्म ढाहा, उसे पढ़ने के बाद आपकी रूह कांप जाएगी। महिला ने अपनी बच्चियों को बुरी तरह से पीटा और उन पर सीमाएं लांघकर अत्याचार किया। इतना ही नहीं महिला ने बच्चियों को मारने-पीटने का वीडियो भी बनाया, जिससे उसे पैसे मिलते। इस पूरे मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्चियों पर अत्याचार का वीडियो इंटरनेट पर डाल दिया गया, जिसके बाद वीडियो सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दुनिया भर में काफी तेज़ी से वायरल हो गया। सऊदी अरब के श्रम और सामाजिक विकास मंत्रालय ने वीडियो की सत्यता की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। वायरल वीडियो में महिला को बच्ची का गला घोंटते हुए भी देखा गया। बच्ची का गला घोंटते हुए महिला कह रही थी कि आज वह उसे मार डालेगी। वीडियो सिर्फ सऊदी अरब में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में वायरल हो रही है।
सऊदी अरब में वीडियो वायरल होते ही अधिकारियों ने वीडियो को पोस्ट करने वाले व्यक्ति को खोज निकालने में मदद की अपील की थी। जिसके बाद वीडियो पोस्ट करने वाले शख्स की भी पहचान हो गई। बच्ची पर अत्याचार की वीडियो को पोस्ट करने वाले शख्स का नाम मोहनद अल हशदी बताया जा रहा है, जो मूल रूप से यमन का रहने वाला है। जबकि आरोपी महिला एक सोमाली है, जो सऊदी अरब में रहती है और यमन के ही एक व्यक्ति के साथ शादी की थी।
शादी के बाद महिला अपने पति से अलग हो गई थी, जिसके बाद वह आर्थिक रूप से काफी समस्याओं से घिर गई थी। फिलहाल दोनों बच्चियों को अस्पताल से उपचार के बाद वापस पिता के परिजनों को सौंप दिया गया है।