दुकान मालिक ( Shop Owner ) ने गरीबों में बांटे कपड़े और जूते ईद का तोहफा पाकर खुशी से खिल उठे गरीब लोगों के चेहरे
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ( Coronavirus ) की वजह से पूरे भारत में लॉकाडाउन का चौथा फेज चल रहा है। इस लॉकडाउन की सबसे बुरी मार पड़ी है गरीब लोगों पर, जो अपना पेट पालने के लिए दिहाड़ी मजदूरी के भरोसे थे वो पिछले लगभग दो महीनों से काम पर नहीं जा सकें। ऐसे में वो अपने लिए दो वक़्त का खाना भी नहीं जुटा पा रहे।
कोरोना की वजह से देशव्यापी बंदी ने गरीब-मजदूर लोगों को और बेबस बना दिया हैं। इस मुश्किल भरे दौर में लोगों की ईद ( Eid ) को खुशहाल बनाने के लिए कैराना के एक व्यापारी ने ईदी के तौर पर अपने गारमेंट और जूते के शोरूम का सारा सामान गरीबों में बांट दिया।
यूपी की कैराना ( Kairana ) तहसील के सामने गोल्ड प्लाजा कॉम्पलेक्स की तीन मंजिलों में रेडीमेड जूतों का शोरूम है। जिसके मालिक कस्बे के ही व्यापारी इंतजार उर्फ शब्बू हैं। उन्होंने अपने शोरूम के कपड़ों और जूतों को गरीबों में दान कर दिया। इसके लिए शब्बू ने प्रशासन की भी मदद मांगी।
जिलाधिकारी जसजीत कौर खुद दोपहर के बाद कैराना पहुंचीं और अपने हाथों से गरीबों को जूते और कपड़े बांटे। व्यापारी इंतजार ने बताया कि ईद पर गरीब लोग नए कपड़े नहीं खरीद पा रहे थे। ऐसे में उन्होंने अपनी मां की सलाह पर शोरूम ( Showroom ) के सारे कपड़े दान कर दिए।
ईद ( Eid ) के मौके पर इस तरह के उपहार पाकर बच्चे काफी खुश हुए। सोशल मीडिया ( Social Media ) पर कई लोगों ने इंतजार की इस दरियादिली की खूब तारीफ की। एक यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अगर हर शख्स इतने बड़े दिल वाला हो तो लोगों को कभी परेशानी ही न हो।