-हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा एसडीएम ( Kangra SDM ) कार्यालय में लोग उस वक्त हैरान रह गए, जब एसडीएम की कुर्सी पर बैठी 15 साल की हिना ठाकुर ( Heena Thakur ) कामों का निपटारा कर रही थी। -लोगों को उस वक्त गर्व भी हुआ जब उन्हें पता चला कि इस बेटी ने 10वीं में 94 फीसदी अंक हासिल किए हैं और उसे एक दिन का एसडीएम ( One Day SDM ) बनाया गया है।
नई दिल्ली।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा एसडीएम ( Kangra SDM ) कार्यालय में लोग उस वक्त हैरान रह गए, जब एसडीएम की कुर्सी पर बैठी 15 साल की बच्ची कामों का निपटारा कर रही थी। लोगों को ज्यादा हैरानी तब हुई, जब उन्हें पता चला कि यह उसी ऑफिस के एक चपरासी की बेटी है। लेकिन, लोगों को उस वक्त गर्व भी हुआ जब उन्हें पता चला कि इस बेटी ने 10वीं में 94 फीसदी अंक हासिल किए हैं और उसे एक दिन का एसडीएम ( SDM For One Day ) बनाया गया है।
10वीं में मिले 94 फीसदी अंक
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ( Himachal Pradesh Board of School Education ) से दसवीं की परीक्षा में 94 फीसदी अंक लाने वाली चपरासी की बेटी हिना ठाकुर ( Heena Thakur ) को एक दिन के लिए कांगड़ा एसडीएम ( SDM Kangra) बनाया गया। कांगड़ा एसडीएम जतिन लाल ने बताया कि उनके ऑफिस के चपरासी की बेटी ने 10वीं की परीक्षा में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।
इसलिए उसे एक तोहफा देना चाहते थे। हिना ठाकुर को ऑफिस बुलाया और एक दिन का एसडीएम बनाने का निश्चय किया। जतिन लाल ने बताया, इस तरह बेटियों को प्रोत्साहित करने से वे एक दिन जरूर अपना सपना पूरा करेंगी।
हिना ठाकुर बनना चाहती है आईएएस
हिना ठाकुर ने बताया कि वह बड़ी होकर आईएएस बनना चाहती है। ताकि जरूरतमंद लोगों की मदद की जा सकें। हिना ठाकुर ने कहा कि यह उनके लिए सपने की तरह है और वह काफी खुश हैं। एसडीएम सर ने मुझे सपना दिखाया है, उसे मैं पूरा करूंगी। हिना के पिता ने कहा कि उन्हें खुशी है। हिना मूल रूप से शिमला जिले की रहने वाली हैं।