हॉट ऑन वेब

तांत्रिक ने मांगी नरबलि की अनुमति, प्रशासन के फूले हाथ-पांव, देना चाहता है बेटे की कुर्बानी

तांत्रिक ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कथित तौर पर दावा किया है कि नरबलि अपराध नहीं है।
2 min read
Feb 02, 2019
tantric ask permission for human sacrifice from sdo
तांत्रिक ने मांगी नरबलि की अनुमति, प्रशासन के फूले हाथ-पांव, देना चाहता है बेटे की कुर्बानी

नई दिल्ली। आपने अक्सर सुना होगा कि भगवान को खुश करने के लिए पशुओं की बलि दी जाती है लेकिन बिहार के बेगूसराय में एक तांत्रिक की मांग के चलते स्थानीय प्रशासन भी हैरान रह गया है। दरअसल, उसने अपने देवता को खुश करने के लिए नरबलि की अनुमति मांगी है। तांत्रिक ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कथित तौर पर दावा किया है कि नरबलि अपराध नहीं है। इस तांत्रिक का नाम सुरेंद्र प्रसाद सिंह है।

सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है पत्र का स्क्रीनशॉट

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने 29 जनवरी को बेगूसराय के सब डिविजनल ऑफिसर (सदर) को एक पत्र लिख कर नर बलि की अनुमति मांगी है। इसके बाद इस कथित पत्र का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि, एसडीओ संजीव कुमार चौधरी का कहना है कि उन्हें पत्र नहीं मिला है। लेकिन उन्होंने कहा कि, ‘‘यह गंभीर मामला है। नरबलि अवैध है। हम चिट्ठी और तांत्रिक का पता लगा रहे हैं। उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

लेटरहेड में लिखा गया है पत्र

बता दें कि यह पत्र ‘‘बिंदु मां मानव कल्याण संस्था’’ के लेटरहेड पर लिखा गया है। वहीं वीडियो में तांत्रिक कहता है कि, ‘‘नरबलि अपराध नहीं है। मां कामाख्या ने नरबलि का आदेश दिया है। सबसे पहले मैं अपने इंजीनियर बेटे की बलि देना चाहता हूं जिसने मेरे मंदिर के लिए वित्तीय मदद करने से इंकार कर दिया। वह रावण जैसा है।’’

लोग कहते हैं पगला बाबा

बता दें कि अजीबोगरीब व्यवहार के कारण लोग इस तांत्रिक को ‘‘पगला बाबा’’ कह कर बुलाते हैं। कभी-कभार निर्वस्त्र और हाथ में नरमुंड भी लेकर उसे घूमते हुए देखा गया है। कुछ लोगों का तो यह भी कहना है कि चर्चा में बने रहने के लिए वह इस तरह के करतब करता रहता है। यह भी उसकी इसी तरह की हरकत है।

Published on:
02 Feb 2019 05:19 pm