हॉट ऑन वेब

Viral: महिला के कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर बाज़ार में घुमाया, मदद करने के बजाए वीडियो बनाती रही भीड़

इतना ही नहीं गुंडई पर उतरे गांव वालों ने बाज़ार में कई लोगों की पिटाई भी की।

2 min read
Aug 21, 2018
महिला के कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर बाज़ार में घुमाया, मदद करने के बजाए वीडियो बनाती रही भीड़

नई दिल्ली।बिहार में भोजपुर के दामोदरपुर गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। दरअसल 19 वर्षीय विमलेश शाह नाम का एक लड़का बीते रविवार से लापता था। विमलेश का शव सोमवार को रेलवे ट्रैक के पास से बरामद किया गया था। जिसके बाद गांव के लोगों ने बिना किसी जांच-पड़ताल के स्थानीय रेड लाइट एरिया की एक महिला को शक के दायरे में लेकर खुद ही फैसला करने का मन बना लिया। गांव वालों को शक था कि रेड लाइट एरिया में रहने वाली महिलाओं ने ही विमलेश की गला दबाकर हत्या की है।

महिला को निर्वस्त्र कर बाज़ार में घुमाया
जिसके बाद उग्र हुए ग्रामीणों ने नज़दीकी बाज़ार में स्थित कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं गुंडई पर उतरे गांव वालों ने बाज़ार में कई लोगों की पिटाई भी की। इसी दौरान उन्होंने एक महिला को पकड़ लिया और जमकर पीटा। जिसके बाद उन्होंने महिला के कपड़े फाड़कर उसे निर्वस्त्र कर दिया और पूरे बाज़ार में घुमाया। स्थानीय पुलिस अधीक्षक ने मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि उग्र ग्रामीणों ने वहां से गुज़र रही एक ट्रेन को भी अपना निशाना बना लिया और पथराव किया।

उग्र भीड़ ने पुलिस पर की फायरिंग
मौके पर स्थिति को काबू करने के लिए पहुंची पुलिस ने हवाई फायरिंग शुरू की तो ग्रामीणों ने भी पलट कर फायरिंग शुरू कर दी। फिलहाल इलाके के हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उग्र लोगों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर किया हमला
पूरे मामले पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश सरकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेजस्वी ने ट्वीटर पर लिखा कि, "नीतीश जी के कुशासनी राज में कल बिहार के आरा में एक महिला को निर्वस्त्र दौड़ा-दौड़ा कर मॉब लिंचिंग की कोशिश की गई। इंसानियत को तार-तार करने वाली इस घिनौनी घटना को देख व सुन रूह कांप गयी। नैतिक बाबू, अगर मानवता, शर्म और संवेदना बची है तो अंतरात्मा जगी जल्दी से राजभवन पहुंचिये।" बताते चलें कि पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Updated on:
21 Aug 2018 10:55 am
Published on:
21 Aug 2018 10:50 am
Also Read
View All