
नई दिल्ली। भारत रत्न और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की आज जयंती है। राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को मुंबई में हुआ था। आज हम आपको राजीव गांधी द्वारा लिए गए कुछ अहम फैसलों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनमें से एक फैसला उनकी हत्या का कारण बन गया। हत्या का कारण बने फैसले को विस्तार से बताने से पहले हम आपको पूर्व प्रधानमंत्री द्वारा लिए गए कुछ अहम फैसलों कि लिस्ट दिखा देते हैं। जिसके लिए पूरी दुनिया में उनकी चर्चाएं होने लगीं।
राजीव गांधी द्वारा लिए गए कुछ अहम फैसले
- राजीव गांधी ने देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देने के लिए नए सेक्टर्स खोले।
- साल 1988 में राजीव गांधी चीन की ऐतिहासिक यात्रा पर गए।
- देश में आईटी क्रांति की नींव पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ही रखी थी।
- देश में मतदान की न्यूमतम उम्र सीमा को 18 साल निर्धारित किया।
- मतदान के लिए ईवीएम मशीनों की शुरुआत करने वाले राजीव गांधी ही थे।
ये था वो फैसला जो बना राजीव गांधी की हत्या की वजह
इनके अलावा राजीव गांधी का एक फैसला ऐसा भी था, जो उनकी हत्या का मुख्य कारण बना। 1987 का समय था, इस दौरान पूरा श्रीलंका जातीय संघर्ष से जूझ रहा था। श्रीलंका जातीय हिंसा की वजह से काफी मुश्किलों में था, लिहाज़ा उन्होंने माहौल का शांतिमय बनाने के लिए भारत से मदद मांगी। 1987 में भारत और श्रीलंका के बीच एक अहम समझौता हुआ। इस समझौते के तहत श्रीलंका में जातीय संघर्ष के हालातों पर काबू पाने के लिए भारतीय सेना हस्तक्षेप करने वाली थी। समझौते पर हुए हस्ताक्षर के मुताबिक भारत ने श्रीलंका में हालातों पर काबू पाने के लिए एक खास भारतीय शांति रक्षा सेना का निर्माण किया। इस सेना का मुख्य उद्देश्य श्रीलंका में लिट्टे (लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) और स्थानीय सेना के बीच चल रहे ग्रहयुद्ध को खत्म करना था।
वीपी सिंह ने वापस बुलाई सेना
लेकिन लिट्टे ऐसा नहीं होने देना चाहता था। लिट्टे, श्रीलंका में अपना अलग देश बनाने की मांग कर रहा था। और भारतीय सेना के हस्तक्षेप करने की वजह से उनकी ये मांग काफी कमज़ोर होती जा रही थी। भारत के साथ समझौता कर श्रीलंका का काफी फायदा भी हुआ। लिट्टे (उग्रवादी संगठन) अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया। हालांकि साल 1989 में जब वीपी सिंह देश के प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने श्रीलंका से अपनी सेना को वापस बुला लिया। वीपी सिंह के इस फैसले से लिट्टे को राहत के साथ-साथ कामयाबी की आस भी नज़र आई।
चुनावी सभा में राजीव गांधी पर हुआ हमला
लेकिन लिट्टे के लिए अभी भी कई समस्याएं थीं। भारत में 1991 में फिर से चुनाव होने वाले थे, और लिट्टे को डर था कि यदि एक बार फिर राजीव गांधी भारत के प्रधानमंत्री बनते हैं तो उनके लिए मुसीबत खड़ी हो जाएगी। भारतीय सेना से निपटना लिट्टे के वश की बात नहीं थी। इसलिए उन्होंने राजीव गांधी की हत्या का जाल बिछाया और 21 मई 1991 को एक चुनावी सभा के दौरान तमिनलाडु में आत्मघाती हमला कर दिया, जिसमें राजीव गांधी की मौत हो गई थी।