दरिंदों के खिलाफ आईपीसी की धारा 382/18, 147, 323, 504, 506, 354 के तहत केस फाइल किया गया है।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों पर शासन-प्रशासन का कोई असर होता नज़र नहीं आ रहा है। खासतौर पर महिलाओं के साथ बढ़ रहे हिंसाओं और छेड़खानी के मामलों ने प्रदेश की योगी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताज़ा मामला राज्य के उन्नाव से आ रहा है, जहां एक महिला के साथ छेड़खानी की वीडियो काफी तेज़ी से वायरल हो रही है। पूरा मामला उन्नाव के सहजनी क्षेत्र का है, जो यहां के गंगाघाट थानाक्षेत्र के अंतर्गत आता है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि तीन दरिंदे एक महिला के साथ किस कदर हैवानियत कर रहे हैं। छेड़खानी और बदसलूकी का यह वीडियो काफी तेज़ी से वायरल हो रहा है।
पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी एक्शन में दिखाई दे रही है। पुलिस ने कुल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वीडियो में दिख रहे दरिंदों में दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में पुलिस जमकर छापेमारी कर रही है। सभी दरिंदों के खिलाफ गंगाघाट थाने में मामला दर्ज किया गया है। खबरों के अनुसार दरिंदगी करने वाले लोगों में एक को पुलिस ने पहले चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। महिला के साथ बदसलूकी करने वाले दरिंदों के खिलाफ आईपीसी की धारा 382/18, 147, 323, 504, 506, 354 के तहत केस फाइल किया गया है।
वीडियो में दिख रहा है कि सभी आरोपी महिला को ब्लैकमेलिंग की भी धमकी दे रहे हैं। सभी आरोपी पहले तो महिला को उठाकर एक सूनसान इलाके में लेकर जाते हैं, जहां वे महिला के साथ बदसलूकी और छेड़खानी कर रहे थे। मामले के सामने आने के बाद यूपी में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर से बड़े सवाल उठ गए हैं, जिसके लिए सीधे तौर पर शासन-प्रशासन पर दाग लगना तय है। पुलिस ने बताया कि वे बाकी के आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि यह काफी गंभीर मामला है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी