गुरुग्राम के पालम विहार में डाॅक्टरों की लापरवाही से एक महिला की मौत हो गई।
नई दिल्ली: डाॅक्टरों की लापरवाही से अब तक न जानें कितने लोग भगवान को प्यारे हो चुके हैं। मोटी रकम कमाने के चक्कर में डाॅक्टर अब हर छोटी-बड़ी बीमारी का आॅपरेशन करने को बोलता है। कई बार ये आॅपरेशन मरीजों के लिए भारी पड़ जाते हैं। ताजा मामला गुरुग्राम का है, जहां एक अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला की आंख के उपर बनी गांठ का आॅपरेशन किया। इसके बाद वह महिला कोमा में चली गई। यही नहीं सात दिन तक बहाने बनाने के बाद 8वें दिन ऐसी खबर दी गई, जिसे सुनकर परिवारवालों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
दाहिनी आंख के ऊपर गांठ का किया आॅपरेशन, फिर...
मामला गुरुग्राम के पालम विहार स्थित कोलंबिया एशिया हॉस्पिटल का है। महिला के परिजन भूप सिंह ने बताया कि रेवाड़ी निवासी बीरमति (52) की दाहिनी आंख के ऊपर गांठ थी। उन्हें 11 हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था। डॉक्टरों ने बताया था कि उनका ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया, लेकिन ज्यादा ब्लीडिंग की वजह से वह कोमा में चली गई हैं।
कुछ दिन में हालत ठीक होने का दिया आश्वासन
भूप सिंह के मुताबिक, डॉक्टरों ने परिजनों से कुछ दिनों में उनकी हालत सामान्य होने की बात कही। रोज महंगी महंगी दवाईयां मंगवाई जाती थीं। डॉक्टर्स कहते थे कि वह जल्द ठीक हो जाएंगी, लेकिन 8वें दिन अचानक उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
परिजनों ने बताया कि महिला ऑपरेशन के बाद ही कोमा में चली गई थी। डॉक्टरों ने उन्हें दूसरी जगह रेफर करने के बजाए अपने हॉस्पिटल में ही रखा, जबकि यहां पर डॉक्टरों से इलाज हो ही नहीं पा रहा था। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने महिला का पोस्टमॉर्टम मेडिकल नेग्लिजेंसी बोर्ड की देखरेख कराने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों की शिकायत पर थाना पालम विहार ने शिकायत दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी उस्मान ने बताया कि शिकायत दर्ज कर जांच की जा रही है।