हॉट ऑन वेब

कुदरत की वजह से उजड़ गया महिला का घर-बार, आम के पेड़ पर चढ़कर दिया बच्ची को जन्म

इस तूफान में कुल मिलाकर 15 लाख लोग प्रभावित हुए हैं कई लोगों की जिंदगियां बर्बाद हो गई गर्भवती महिला को एक ऊंचे पेड़ पर चढ़कर बच्चे का जन्म देना पड़ा

2 min read
Apr 07, 2019
Idai cyclone
कुदरत की वजह से उजड़ गया महिला का घर-बार, आम के पेड़ पर गर्भवती ने चढ़कर दिया बच्ची को जन्म

नई दिल्ली। पूर्वी और दक्षिण अफ्रीका में 15 मार्च के दिन चक्रवात 'ईडाई' (Cyclone Idai) ने दस्तक दी जिससे मोजाम्बिक, जिम्बाब्वे और मलावी में लाखों लोगों को नुकसान पहुंचा। इस तूफानी चक्रवात ने एक बड़े पैमाने पर जान-माल को क्षति पहुंचाई है। हम इस बात का अंदाजा भी नहीं लगा सकते हैं कि वहां के लोगों पर क्या बीती है। किसी प्राकृतिक आपदा के आने पर वहां के निवासियों की जिंदगी तहस-नहस हो जाती है।

आज हम आपको दक्षिण अफ्रीका में स्थित शहर मोजाम्बिक के एक परिवार के बारे में बताएंगे जहां इस प्रतिकूल परिस्थिति में आम के पेड़ पर चढ़कर महिला को बच्चे का जन्म देना पड़ा। यह सिंगल मदर अपने दो साल के बच्चे के साथ रहती थी। अचानक आए इस चक्रवाती तूफान के चलते उनकी जिंदगी उजड़ गई।

चक्रवात 'ईडाई' के चलते इलाके में जोरों की बारिश होने लगी, चारों ओर पानी-पानी हो गया, तेज हवाएं चलने लगीं, लोगों के घर बह गए। खुद को और अपने दो साल के बच्चे को लेकर मां एक सुरक्षित जगह की तलाश करने लगी। वह महिला गर्भवती थी और इसलिए बहुत दूर जाना उस औरत के लिए संभव नहीं था।

उन्हें पास में एक आम का पेड़ दिखा जिस पर वह अपने बच्चे को लेकर चढ़ गई। हालांकि इस हालत में उनके लिए ऐसा करना मुश्किल था, लेकिन हालात इंसान को कुछ भी करने को मजबूर कर देते हैं। आम के पेड़ पर ही महिला को लेबर पेन से गुजरना पड़ा और उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया।

बच्ची का नाम महिला ने सारा रखा है। उस हालत में मां अपने दो बच्चों को पकड़कर वहीं पड़ी रही। जब आसपास के लोगों को इसका पता चला तो वे वहां आकर मां सहित बच्चों को किसी सुरक्षित स्थान पर लेकर गए। फिलहाल मां और बच्चे दोनों ठीक हैं, लेकिन इस तूफान ने वहां कईयों की जिंदगी बर्बाद कर दी है।

Published on:
07 Apr 2019 09:53 am