
महिलाओं के लिए विशेष भर्ती मंच
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम पारंपरिक जॉब फेयर से अलग होगा। इसमें कंपनियां अपनी भर्ती आवश्यकताएं पहले से साझा करेंगी, जिसके आधार पर उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग और चयन किया जाएगा। इससे योग्य उम्मीदवारों और कंपनियों के बीच सार्थक संवाद तथा बेहतर रोजगार अवसर सुनिश्चित होंगे। कार्यक्रम में 20 से अधिक प्रमुख कंपनियों के भाग लेने की संभावना है। आईटीईएस, बीपीएम, बीएफएसआई, एचआर, भर्ती, डिजिटल सेवाओं और कॉर्पोरेट क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे।
किन महिलाओं को मिलेगा अवसर
इस रोजगार मेले में कर्नाटक की अंतिम वर्ष की छात्राएं, रोजगार की तलाश कर रहीं महिला स्नातक तथा करियर में विराम के बाद दोबारा कार्यक्षेत्र में लौटने की इच्छुक महिला पेशेवर भाग ले सकेंगी। विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए रिटर्नशिप अवसर भी उपलब्ध रहेंगे, जो पारिवारिक या अन्य कारणों से नौकरी छोड़ चुकी हैं और अब फिर से अपने करियर की शुरुआत करना चाहती हैं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी महिला उद्योग विशेषज्ञ भी शामिल होंगी। इनमें टॉरी हैरिस की सीएचआरओ अपर्णा, लाइटकास्ट इंडिया की प्रबंध निदेशक एवं कंट्री हेड सरस्वती रामचंद्र, प्लानव्यू इंक की कस्टमर सक्सेस मैनेजर कविता अष्टकला तथा धारवाड़ की उपायुक्त स्नेहल आर. (आईएएस)शामिल हैं।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
आयोजकों का मानना है कि इस पहल से उत्तर कर्नाटक की महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे, उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग मजबूत होगा तथा महिला स्नातकों की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलेगा। कार्यक्रम में भाग लेने और अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी श्रीदेवी रूगी एचडीबी क्लस्टर, केडीईएम से संपर्क कर सकते हैं।