
बेलगावी। शहरवासी सालभर बदहाल सडक़ों, बिजली, कचरे और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझते रहते हैं, लेकिन प्रशासन को विकास की याद तभी आती है, जब विधानसभा का शीतकालीन अधिवेशन सिर पर होता है। इस बार भी अधिवेशन की तारीख घोषित होते ही शहर में सडक़ों की मरम्मत, डामरीकरण, स्ट्रीट लाइट सुधार, नालों की सफाई और रंग-रोगन का काम तेजी से शुरू हो गया है।
विडंबना यह है कि इन कामों का लाभ पूरे शहर को मिलने के बजाय उन मार्गों तक सीमित रहता है, जहां से मंत्री, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी गुजरते हैं। आनन-फानन में शुरू किए गए कार्यों से आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए शहर में एक साथ कई स्थानों पर सडक़ें खोद दी गई हैं। इससे यातायात बाधित हो रहा है। वहीं, रखरखाव के नाम पर पिछले एक सप्ताह से रोजाना कई घंटे बिजली कटौती की जा रही है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ उद्योगपतियों और व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अधिवेशन में आने वाले गणमान्यों को शहर की बदहाल तस्वीर दिखाई नहीं दे, इसके लिए प्रमुख मार्गों को रातोंरात संवारा जाता है। पुराने पीबी रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी सर्विस सडक़ें, अशोक सर्कल से गांधी नगर ब्रिज, चन्नम्मा सर्कल और कांग्रेस रोड से विश्वेश्वरय्या प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (वीटीयू) तक के मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। दूसरी ओर, शहर की अंदरूनी सडक़ें गड्ढों और धूल से बेहाल हैं।
नागरिकों का आरोप है कि अधिवेशन से पहले सडक़ों पर पैबंद लगा दिए जाते हैं, लेकिन पहली बारिश में ही ये उखड़ जाते हैं। स्थायी समाधान के बजाय हर साल करोड़ों रुपए केवल दिखावटी विकास पर खर्च हो रहे हैं।
नागरिकों के अनुसार, शीतकालीन अधिवेशन शहर के लिए विकास की उम्मीद कम और 15 दिन की परेशानी का पैकेज अधिक बन गया है। अधिवेशन समाप्त होते ही व्यवस्थाएं फिर पुराने ढर्रे पर लौट आती हैं।
पहले अधिवेशन के दौरान बेलगावी उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में सडक़ विकास के लिए 15 से 20 करोड़ रुपए तक का अनुदान दिया जाता था। अब अनुदान की कमी के बीच केवल उत्तर क्षेत्र को प्राथमिकता दिए जाने का आरोप है। राजनीतिक नेताओं का कहना है कि भाजपा शासन में दक्षिण क्षेत्र और कांग्रेस शासन में उत्तर क्षेत्र को अधिक महत्व दिया जाता है।
जिलाधिकारी मोहम्मद रोशन ने बताया कि अधिवेशन के दौरान सरकार से मिलने वाले अनुदान के अनुरूप सडक़ सुधार सहित विकास कार्य कराए जाते हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जल्दबाजी में काम होने के बावजूद गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए।
महांतेशनगर निवासी आनंद पुलिसपाटील ने कहा कि हर साल अधिवेशन से दो सप्ताह पहले जगह-जगह निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाते हैं। मुख्य सडक़ें चमका दी जाती हैं, लेकिन अंदरूनी सडक़ों की स्थिति जस की तस रहती है।