हनुमान चालीसा, महाआरती और प्रसाद से गूंजता परिसर, नवग्रह, शिवजी, गणपति और नाग देवता की प्राचीन प्रतिमाएं
एपीएमसी जाने से पहले आज भी करते हैं दर्शन
शहर के न्यू कॉटन मार्केट क्षेत्र में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर आज भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। लगभग 75 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को समेटे यह मंदिर न केवल धार्मिक गतिविधियों का केंद्र है, बल्कि व्यापारियों और स्थानीय लोगों की गहरी श्रद्धा का प्रतीक भी है। हनुमान सेवा समिति के अध्यक्ष रमेश बाफना, सचिव प्रकाश जुगलुर, कोषाध्यक्ष हेमन्त मोदी एवं उपाध्यक्ष मंजू मनवली के नेतृत्व में मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। यह मंदिर सिर्फ पूजा का स्थान नहीं, बल्कि पीढिय़ों से चली आ रही आस्था, विश्वास और परंपरा का जीवंत प्रतीक है, जो समय के साथ और भी मजबूत होती जा रही है।
हर शनिवार उमड़ती है भक्तों की भीड़
मंदिर में हर शनिवार को विशेष पूजा-अर्चना होती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। शाम के समय महाआरती, हनुमान चालीसा पाठ और प्रसाद वितरण से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठता है।
हाल ही में यहां हनुमान जयंती भी बड़े धूमधाम से मनाई गई, जिसमें महाप्रसादी और विशेष आरती का आयोजन किया गया। वहीं आने वाले श्रावण मास में पांच दिवसीय भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
मंदिर परिसर में अनेक देवी-देवताओं का वास
हनुमान मंदिर के साथ ही परिसर में नवग्रह, शिवजी, गणपति और नाग देवता की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं, जो लगभग 25 वर्षों पुरानी बताई जाती हैं। मंदिर में स्थापित हनुमानजी की काले पत्थर की प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है, जहां भक्त अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं।
व्यापारियों की आस्था से जुड़ा मंदिर
न्यू कॉटन मार्केट क्षेत्र में पहले बड़ी संख्या में कपास व्यापार होता था। उस समय से ही यह मंदिर व्यापारियों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। आज भी कई व्यापारी एपीएमसी जाने से पहले यहां दर्शन कर दिन की शुरुआत करते हैं।
होंगे धार्मिक आयोजन
हनुमान सेवा समिति के अध्यक्ष रमेश बाफना मोकलसर ने बताया कि मंदिर अपने 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस विशेष अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। वर्षों से मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था बनी हुई है और यही विश्वास इसकी सबसे बड़ी शक्ति है।