
लोक आस्था का प्रमुख केंद्र है रामदेवरा
बाबा रामदेव मरुधर सेवा संघ हुब्बल्ली के महासचिव मालाराम देवासी बिठूजा ने बताया कि राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित रामदेवरा धाम देश के प्रमुख लोक आस्था केंद्रों में से एक है। यहां विराजमान लोकदेवता बाबा रामदेवजी को हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय समान श्रद्धा से पूजते हैं। उन्हें सामाजिक समरसता, मानव सेवा, समानता और सद्भाव का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि बाबा रामदेव ने अपने जीवनकाल में जाति-पांति और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया तथा जरूरतमंदों की सेवा को ही सबसे बड़ा धर्म बताया।
बाबा रामदेव के प्रति श्रद्धालुओं का अटूट विश्वास
उन्होंने बताया कि हर वर्ष भाद्रपद शुक्ल पक्ष में लगने वाले विशाल मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचकर बाबा की समाधि के दर्शन करते हैं। अनेक श्रद्धालु सैकड़ों और हजारों किलोमीटर की पदयात्रा या साइकिल यात्रा कर बाबा के दरबार पहुंचते हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाएं श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पानी, चिकित्सा एवं विश्राम जैसी सेवाएं उपलब्ध कराती हैं। इसे सेवा और भक्ति का अनूठा संगम माना जाता है। बाबा रामदेव के प्रति श्रद्धालुओं का अटूट विश्वास है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु कठिन यात्रा कर रामदेवरा धाम पहुंचते हैं और बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर श्री बाबा रामदेव मरुधर सेवा संघ, हुब्बल्ली उपाध्यक्ष चैनाराम पटेल, महासचिव मालाराम देवासी, युवा अध्यत्र राम पारीक, सोपाराम पटेल, रमेश शर्मा, नरेश शर्मा, ईश्वर शर्मा, धर्मेंद्र माली, सुरेश प्रजापत, केशाराम चौधरी, रामलाल जणवा, प्रमोद दवे, सदाराम चौधरी, कालाराम चौधरी, नवीन देवासी, समरथाराम चौधरी, ललित दैय्या, लखमीचंद जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में सभी यात्रियों ने मरुधर सेवा संघ द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं सेवा कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।