हुबली

पढ़ाई के लिए डिजिटल ब्रेक: निप्पानी प्रशासन की अनोखी पहल, 10वीं के छात्रों के लिए बड़ा कदम, शाम 6 से 9 बजे मोबाइल-टीवी बंद

घर-घर जाकर अभिभावकों से सहयोग की अपीलबेलगावी जिले में विद्यार्थियों की पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए निप्पानी तालुक प्रशासन ने निर्देश दिया है कि 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के घरों में रोज शाम 6 से 9 बजे तक मोबाइल फोन और टीवी बंद रखे जाएं। तहसीलदार ने इस आदेश को सख्ती से […]

2 min read
विद्यार्थियों की पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए

घर-घर जाकर अभिभावकों से सहयोग की अपील
बेलगावी जिले में विद्यार्थियों की पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए निप्पानी तालुक प्रशासन ने निर्देश दिया है कि 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के घरों में रोज शाम 6 से 9 बजे तक मोबाइल फोन और टीवी बंद रखे जाएं। तहसीलदार ने इस आदेश को सख्ती से लागू करने के लिए आठ सदस्यीय स्टडी मॉनिटरिंग कमेटी भी गठित की है। इस वर्ष की 10वीं (एसएसएलसी) परीक्षा मार्च के तीसरे सप्ताह में शुरू होगी और अप्रेल के पहले सप्ताह तक चलेगी। विद्यार्थियों की तैयारी के लिए प्रीपरेटरी परीक्षाएं पहले से चल रही हैं। शिक्षा विभाग ने पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने और परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में निप्पानी तहसीलदार सुरेश मुंजे ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि शहरी, कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में 10वीं के विद्यार्थियों वाले घरों में इस निर्देश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

निगरानी के लिए बनाई आठ सदस्यीय कमेटी
आदेश को लागू करने के लिए सभी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया है। मोबाइल और टीवी बंद रखने के आदेश के पालन की निगरानी के लिए बनाई गई आठ सदस्यीय कमेटी में संबंधित स्कूल के हेडमास्टर को अध्यक्ष और 10वीं के शिक्षक को सह-अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा स्थानीय निकायों के वरिष्ठ अधिकारी, मुख्य अधिकारी, बाल विकास पर्यवेक्षक, कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन, ग्राम प्रशासन अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और बीट पुलिस को भी समिति में शामिल किया गया है।

अभियान की प्रगति की समीक्षा
यह समिति हर सप्ताह बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा करेगी। सदस्य विद्यार्थियों के घर जाकर अभिभावकों से निर्धारित समय में मोबाइल और टीवी बंद रखने का आग्रह करेंगे तथा पड़ोसियों से भी पढ़ाई के समय शांति बनाए रखने की अपील करेंगे। कई गांवों में सप्ताह में दो दिन पहले से ही टीवी और मोबाइल उपयोग पर रोक लागू है। विद्यार्थियों की परीक्षा को आसान बनाने के लिए उठाए गए प्रशासनिक कदमों को निप्पानी तालुक में व्यापक समर्थन मिल रहा है और सोशल मीडिया पर भी इसकी सराहना की जा रही है।

Published on:
13 Feb 2026 08:57 pm
Also Read
View All

अगली खबर