
हुब्बल्ली - पढ़ाई से वकालत तक का सफर
राजस्थान की माटी से निकले और कर्नाटक की धरती पर अपनी पहचान बनाने वाले लोगों की कहानियां कारोबार तक ही सीमित नहीं हैं। कुछ लोगों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से ऐसे पेशों में भी मुकाम बनाया है, जहां प्रवासी राजस्थानियों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। हुब्बल्ली में पिछले दो दशक से अधिक समय से वकालत कर रहे अधिवक्ता गौरीशंकर मोट ऐसी ही शख्सियत हैं। मूल रूप से राजस्थान के डीडवाना के रहने वाले गौरीशंकर ने कानून की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब तक वे हाईकोर्ट और ट्रायल कोर्ट में एक हजार से अधिक मामलों में पैरवी कर चुके हैं। गौरीशंकर वर्ष 1993 में परिवार के साथ हुब्बल्ली आए थे। पिता हरिशचन्द्र मोट यहां नौकरी करते थे। उनकी शुरुआती पढ़ाई सातवीं कक्षा तक डीडवाना में हुई। इसके बाद हुब्बल्ली के रोटरी स्कूल से आठवीं से दसवीं तक की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 2000 में बीकॉम पूरा किया। वर्ष 2003 में एलएलबी की डिग्री हासिल की।
नाना से मिली वकालत की प्रेरणा
वकालत के पेशे से जुड़ने की प्रेरणा उन्हें अपने नाना दुर्गाप्रसाद सारस्वत और हस्तीमल सारस्वत से मिली। दोनों जोधपुर में हाईकोर्ट के अधिवक्ता रहे हैं। बचपन से ही उन्हें अपने नाना के कामकाज को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिला। इसी अनुभव ने कानून की पढ़ाई और अधिवक्ता बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। एलएलबी के बाद वे दो वर्ष के लिए बेंगलूरु गए और वहां वकालत की प्रैक्टिस की। वर्ष 2005 में हुब्बल्ली लौटकर हाईकोर्ट और ट्रायल कोर्ट में पैरवी शुरू की। तब से उनका सफर लगातार आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में उनके साथ एक दर्जन से अधिक जूनियर अधिवक्ता भी काम कर रहे हैं। वे सिविल और आपराधिक दोनों तरह के मामलों की पैरवी करते हैं।
बम विस्फोट और कलबुर्गी हत्याकांड से जुड़े मामले
गौरीशंकर मोट के वकालत के सफर में कई चर्चित मामले शामिल रहे हैं। वर्ष 2009 में हुब्बल्ली कोर्ट परिसर में हुए बम विस्फोट के मामले में उन्होंने आरोपियों की ओर से पैरवी की थी। इस मामले में सभी आठ आरोपी बरी हो गए। वहीं, कन्नड़ साहित्यकार एमएम कलबुर्गी की वर्ष 2015 में हुई हत्या से जुड़े मामले में भी वे पैरवी कर रहे हैं। यह मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है।
तकनीक से बदल रहा अदालतों में कामकाज
गौरीशंकर मोट का मानना है कि समय के साथ वकालत का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। अब अदालतों में तकनीक का उपयोग बढ़ा है। दस्तावेज स्कैन करके ऑनलाइन भेजे जा रहे हैं और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई हो रही है। उनके अनुसार हाईकोर्ट में करीब 40 फीसदी सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होने लगी है, जबकि शेष मामलों में प्रत्यक्ष रूप से दलीलें रखी जाती हैं।
साइबर क्राइम और कॉरपोरेट मामलों में बढ़ेंगी चुनौतियां
उनका कहना है कि साइबर अपराध, कॉपीराइट, विदेशी निवेश और कंपनी कानून से जुड़े मामले आने वाले समय में अधिक महत्वपूर्ण होंगे। इन क्षेत्रों में अधिवक्ताओं के सामने नई कानूनी और तकनीकी चुनौतियां होंगी। उनका मानना है कि युवा पीढ़ी में भी वकालत के प्रति रुचि बढ़ रही है और अब इसे एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। दक्षिण भारत में राजस्थान मूल के अधिकांश लोग कारोबार के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ऐसे में न्यायिक क्षेत्र में, विशेषकर हाईकोर्ट स्तर पर, अपनी पहचान बनाने वाले राजस्थान मूल के अधिवक्ताओं की संख्या कम है। गौरीशंकर मोट की उपलब्धियां इसी मायने में उल्लेखनीय हैं। डीडवाना से शुरू हुआ उनका सफर आज हुब्बल्ली की अदालतों में कानून और न्याय की पैरवी तक पहुंच चुका है।