
समाज के पदाधिकारी सोमलिंगप्पा हूगार और नागराज संगलकर ने पत्रकारों को बताया कि कार्यक्रम में रुद्राक्षी मठ के बसवलिंग महास्वामी का सान्निध्य रहेगा। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी समारोह का उद्घाटन करेंगे। विधायक प्रसाद अब्बय्या, महेश टेंगिनकाई, अरविंद बेल्लद, एम.आर. पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद जगदीश शेट्टर और पूर्व विधायक एस.आई. चिक्कनगौडर सहित अन्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्रशेखर हूगार करेंगे।
शिक्षा और सामाजिक एकता का संदेश
आयोजकों के अनुसार, समारोह का उद्देश्य समाज में एकजुटता और सामाजिक चेतना को मजबूत करने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है। युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। समाज के विकास के लिए राज्य से लेकर जिला, तालुका और ग्राम स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता की पहल
समाज की ओर से विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति, वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं, कलाकारों की पेंशन, पारंपरिक व्यवसायों, आवास, कृषि, डेयरी और रोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी समाजबंधुओं तक पहुंचाने की अपील की गई है। पात्र लोगों से आवश्यक प्रमाणपत्र बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया है।