हुबली

62 कैमरों वाले जैन मंदिर में बड़ी चोरी, चांदी की प्रतिमाएं-मुकुट और साढ़े तीन लाख नकद ले गए चोर, डेढ़ साल में दूसरी वारदात

हुब्बल्ली के न्यू गब्बुर स्थित श्री जिन कुशल दादावाड़ी जैन मंदिर में शनिवार देर रात चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर की तिजोरी तोड़कर करीब साढ़े तीन लाख रुपए नकद, चार दानपेटियों की राशि, चांदी की प्रतिमाएं, तीन चांदी के मुकुट, चांदी के थाल, कटोरियां और नारियल समेत करीब 12 लाख रुपए का सामान ले गए। वारदात के दौरान भगवान सिमंदर स्वामी की प्रतिमा के पैर के अंगूठे में लगी चांदी निकालने से प्रतिमा का पैर भी खंडित हो गया।
3 min read
चोरी की घटना के बाद पुलिस अधिकारियों से चर्चा करते श्री जिन कुशल दादावाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश बाफना मोकलसर व ट्रस्टी।
चोरी की घटना के बाद पुलिस अधिकारियों से चर्चा करते श्री जिन कुशल दादावाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश बाफना मोकलसर व ट्रस्टी।

11 साल पहले बना मंदिर, शुरुआत से ही लगी थी सीसीटीवी की निगरानी

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, मंदिर करीब 11 साल पहले बना था और तभी से यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर और पीछे बने भवन समेत पूरे परिसर में 62 कैमरे लगे हैं। इनमें अकेले मंदिर के अंदर 16 कैमरे हैं। इसके बावजूद चोरों ने मंदिर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।

जैन मंदिर में चोरी के बाद टूटा पड़ा मुख्य दरवाजा।

चांदी की 24 तीर्थंकरों वाली प्रतिमा भी ले गए

मंदिर में ऊपर भगवान आदिनाथ का मंदिर है, जबकि नीचे दादा गुरुदेव जिनकुशल गुरुदेव का मंदिर बना हुआ है। चोरों ने आदिनाथ भगवान, दादा गुरुदेव जिनकुशल गुरुदेव, भैरूजी और पद्मावती की प्रतिमाओं के पास रखी चार दानपेटियां तोड़कर नकदी निकाल ली। चोरी गए सामान में 24 तीर्थंकरों की चांदी से बनी छोटी प्रतिमा भी शामिल है। इसमें करीब एक किलो चांदी लगी होने की जानकारी है। अन्य चांदी की प्रतिमाओं और सामग्री को मिलाकर करीब सवा दो किलो चांदी चोरी हुई है। तीन चांदी के मुकुट, चांदी के थाल, कटोरियां और चांदी का नारियल भी चोर ले गए।

चोरी की वारदात के बाद बिखरी अलमारी और अस्त-व्यस्त पड़ा सामान।

सिमंदर स्वामी की प्रतिमा को नुकसान

चोरों ने भगवान सिमंदर स्वामी की प्रतिमा के पैर के अंगूठे में लगी चांदी भी निकाल ली। इससे प्रतिमा का पैर खंडित हो गया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, चोरी के दौरान केवल इसी प्रतिमा को नुकसान पहुंचा है, जबकि अन्य प्रतिमाएं सुरक्षित हैं।

चोरों द्वारा तोड़ी गई दानपेटिका।

भारी दरवाजा तोड़कर घुसे, कैमरे भी बिखेरे

चोर मंदिर का भारी मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। मंदिर में लगे कैमरों को भी बिखेर दिया गया। वारदात शनिवार रात करीब 12 बजे से रविवार तड़के 3 बजे के बीच होने की आशंका है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दिए हैं। रविवार सुबह करीब 6.15 बजे पुजारी को चोरी का पता चला। इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। बेंडीगेरी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड भी बुलाया और मंदिर तथा आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशे।

डेढ़ साल पहले भी हुई थी चोरी

इस मंदिर में करीब डेढ़ साल पहले भी चोरी हुई थी। उस समय चोर नकदी समेत करीब 7.50 लाख रुपए का सामान ले गए थे। अब दोबारा चोरी होने से मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है। हालांकि पुलिस के अनुसार, पिछली चोरी के सभी आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस आयुक्त से ट्रस्ट अध्यक्ष ने की बात

श्री जिन कुशल दादावाड़ी ट्रस्ट हुब्बल्ली के अध्यक्ष रमेश बाफना मोकलसर ने रविवार सुबह पुलिस आयुक्त हुब्बल्ली-धारवाड़ बोरासे भूषण गुलाबराव से फोन पर बात कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

एसीपी बोले- उपलब्ध फुटेज खंगाली, जरूरत पर बनेगी टीम

एसीपी, साउथ सब डिवीजन, हुब्बल्ली उमेश ने बताया कि पिछली बार हुई चोरी के सभी आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया गया था। इस बार भी उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई है। मंदिर में कई कैमरे खराब मिले हैं। फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस टीम गठित करने पर विचार किया जाएगा। पुलिस मुस्तैदी से मामले की जांच कर रही है।

चोरों द्वारा तोड़ा गया मुख्य दरवाजा, नीचे गिरा उसका एक हिस्सा।
Updated on:
04 Oct 2026 09:54 pm
Published on:
04 Oct 2026 09:38 pm