
हुब्बल्ली - परिवार सहित किया लक्ष्मी पूजन
हुब्बल्ली में रहने वाले राजस्थान मूल के प्रवासी परिवारों ने भी दीपावली का त्योहार पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर घरों से लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक रोशनी और सजावट की विशेष छटा देखने को मिली। प्रवासी परिवारों ने शुभ मुहूर्त में सपरिवार मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन कर सुख-समृद्धि, खुशहाली और व्यापार में उन्नति की कामना की। दीपावली को लेकर सुबह से ही घरों और प्रतिष्ठानों में तैयारियां शुरू हो गई थीं। लोगों ने घरों और दुकानों की साफ-सफाई कर उन्हें आकर्षक विद्युत रोशनी, फूलों और रंगोली से सजाया। दरवाजों पर आम्रपत्रों और फूलों की बंदनवार लगाई गई। शाम होते ही रोशनी से सजे घर और प्रतिष्ठान दीपोत्सव की खुशियां बिखेरते नजर आए। परिवार के सदस्य नए वस्त्र पहनकर पूजा में शामिल हुए। किसी ने सुबह तो किसी ने शाम को शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से लक्ष्मी पूजन किया।
राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ निभाई परंपराएं
राजस्थान में दीपावली का पर्व विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। प्रवासी परिवारों ने भी अपनी जन्मभूमि की परंपराओं को यहां जीवंत रखा। घरों में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं के साथ पूजा की थाली सजाई गई। दीप प्रज्वलित कर आरती की गई और परिवार के सभी सदस्यों ने सुख-समृद्धि की कामना की। मारवाड़ी परिवारों में दीपावली पर नए बही-खातों और व्यापारिक लेखा पुस्तकों के पूजन की परंपरा भी निभाई गई। कई व्यापारियों ने प्रतिष्ठानों और गोदामों में विधिवत पूजा-अर्चना कर नए कारोबारी वर्ष की मंगल शुरुआत की कामना की। पूजा के बाद परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। घर आए मेहमानों और परिचितों का मिठाइयों, नमकीन और सूखे मेवों से स्वागत किया गया। रिश्तेदारों, मित्रों और समाजबंधुओं के घरों तथा दुकानों पर जाकर भी लोगों ने बधाई दी।
स्नेह मिलन और मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शहर में विभिन्न प्रवासी समाजों की ओर से दीपावली स्नेह मिलन के आयोजन भी किए गए। इनमें समाजबंधु परिवार सहित शामिल हुए और सामूहिक रूप से त्योहार मनाया। मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। लोगों ने विभिन्न मंदिरों में दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। शाम को घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर दीप जलाए गए तथा बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी कर उत्सव का आनंद लिया।
कर्मचारियों और जरूरतमंदों के साथ बांटी खुशियां
दीपावली पर सामाजिक सरोकारों की झलक भी देखने को मिली। व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों ने अपने कर्मचारियों को उपहार, मिठाई के डिब्बे और अन्य सामग्री भेंट कर त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाया। कई परिवारों ने अनाथ आश्रमों और जरूरतमंद लोगों को मिठाइयां, कपड़े और अन्य उपहार वितरित किए। प्रवासी परिवारों ने राजस्थान में रहने वाले अपने रिश्तेदारों और परिचितों से फोन पर बातचीत कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस तरह हजारों किलोमीटर दूर रहते हुए भी लोगों ने अपनी संस्कृति, परंपरा और परिवार से जुड़ाव बनाए रखा।
पूजा सामग्री से कपड़ों तक बाजारों में उमड़ी भीड़
शहर में दीपावली की तीन दिवसीय रौनक के बीच बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। पूजा सामग्री, केले के पत्ते, गन्ने, फूल, फल और फूल-मालाओं की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। कारोबारियों ने भी अच्छी बिक्री दर्ज की। दुर्गदबैल बाजार में सुबह से ही सबसे अधिक भीड़ रही। पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की खरीदारी के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। त्योहार की खरीदारी का असर केवल मुख्य बाजार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिरूर पार्क रोड, गोकुल रोड और केश्वापुर रोड सहित शहर के अन्य इलाकों में भी पूजा सामग्री की दुकानें सजी नजर आईं।
कपड़ा बाजार में भी रही रौनक, यातायात पर बढ़ा दबाव
शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही। रविवार को अवकाश और दीपावली की खरीदारी के चलते कोप्पिकर रोड, दुर्गदबैल रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही बढ़ गई। इससे कई जगह यातायात दबाव और जाम की स्थिति बनी रही। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया। कई दुकानों में शाम को लक्ष्मी पूजन किया गया।
रंगोली और दीपों से सजे घर, मंदिरों में विशेष पूजा
दीपावली को लेकर घरों में भी विशेष तैयारियां देखने को मिलीं। लोगों ने रंगोली और फूलों से घरों को सजाया तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कई परिवारों ने अपने वाहनों की साफ-सफाई कर उन्हें भी सजाया। बच्चों ने आतिशबाजी शुरू कर दी, वहीं मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।