
कई पदाधिकारी होंगे शामिल
जीतो श्रीमद् राजचन्द्र ज्ञान मंदिर ट्रस्ट हुब्बल्ली की ओर से आयोजित समारोह में जीतो अपेक्स के चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी, महासचिव ललित कुमार डांगी, गणपत चौधरी, मोतीलाल ओसवाल, तेजराज गुलेच्छा, अशोक सालेचा, विनोद बागरेचा समेत कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर टीम जीतो हुब्बल्ली गल्र्स हॉस्टल के चेयरमैन भवरलाल सी जैन, वाइस चेयरमैन प्रकाश कोठारी, जीतो हुब्बल्ली चैप्टर फाउंडेशन के चेयरमैन अनील कुमार जैन, मुख्य सचिव प्रवीण चौधरी, टीम जीतो केकेजी के चेयरमैन प्रवीण बाफना, मुख्य सचिव दिलीप जैन समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में लगे हुए हैं।
छात्राओं को सुरक्षित एवं आरामदायक आवास होगा उपलब्ध
अमरावतीदेवी पारसमल चौपड़ा जीतो हुब्बल्ली गल्र्स एंड एजुकेशन सेंटर के चेयरमैन भंवरलाल सी. जैन लक्की ने बताया कि करीब 35 हजार वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित यह आधुनिक छात्रावास चार मंजिला भवन है, जिसमें 24 विशाल कमरे बनाए गए हैं। प्रत्येक कमरे में चार छात्राओं के रहने की सुविधा होगी। इस प्रकार एक समय में 96 छात्राओं को सुरक्षित एवं आरामदायक आवास उपलब्ध कराया जा सकेगा। भवन का निर्माण आधुनिक सुविधाओं एवं सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से होगा सुसज्जित परिसर
छात्रावास में छात्राओं की पढ़ाई एवं सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां आधुनिक पुस्तकालय, अध्ययन कक्ष, दैनिक समाचार पत्रों की सुविधा, इनडोर गेम्स, सामूहिक गतिविधियों के लिए स्थान तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग सुविधा शुरू करने की भी योजना है, जिससे छात्राओं को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिल सके।
महिला विंग संभालेगी संचालन की जिम्मेदारी
संस्थान के सुचारु संचालन एवं छात्राओं के बेहतर मार्गदर्शन के लिए जीतो महिला विंग की 11 सदस्यीय प्रबंधन समिति गठित की जाएगी। वहीं परिसर के प्रवेश द्वार स्थित रिसेप्शन में नाकोड़ा पाश्र्वनाथ भगवान की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिससे छात्रावास में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।
बेटियों को मिलेगा सुरक्षित और प्रेरणादायी माहौल
संस्थान के पदाधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल छात्रावास उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि छात्राओं को ऐसा वातावरण देना है, जहां वे सुरक्षित रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें, अपने व्यक्तित्व का विकास करें और भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें।
समाज के सहयोग से साकार हुआ सपना
करीब तीन वर्ष पूर्व शुरू हुई यह महत्वाकांक्षी परियोजना समाज के दानदाताओं एवं जीतो सदस्यों के सहयोग से पूर्ण हुई है। यह छात्रावास उत्तर कर्नाटक ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से उच्च शिक्षा के लिए आने वाली छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।