हुबली

महिला उद्यमिता को मिला नया मंच, गदग में मेगा ट्रेड फेयर का शुभारंभ

महिलाओं की उद्यमशीलता, आर्थिक आत्मनिर्भरता और बिजनेस नेटवर्किंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीतो हुब्बल्ली चैप्टर की पहल पर जीतो गदग लेडीज विंग द्वारा आयोजित दो दिवसीय मेगा ट्रेड फेयर का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन गदग के मुलगुंड नाका स्थित क्लार्क्स इन होटल के सामने वि_लारुध समुदाय भवन में किया जा रहा है। इस ट्रेड फेयर में कर्नाटक के विभिन्न शहरों से महिला उद्यमी और व्यवसायी शामिल हुई हैं। एक ही छत के नीचे विविध उत्पादों और सेवाओं की प्रदर्शनी लगाई गई है, जिससे स्थानीय लोगों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की खरीदारी के साथ-साथ महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने का अवसर मिल रहा है।
less than 1 minute read
जीतो गदग महिला विंग की ओर से लगाए मेगा ट्रेड फेयर में शामिल महिलाएं।
जीतो गदग महिला विंग की ओर से लगाए मेगा ट्रेड फेयर में शामिल महिलाएं।

आत्मविश्वास और उद्यमशीलता का उत्सव
जीतो गदग लेडीज विंग की चेयरपर्सन स्वीटी भंसाली ने कहा कि उड़ान 3.0 केवल एक ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि महिला शक्ति, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता का उत्सव है। यह मंच महिलाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और व्यवसायिक कौशल को सामने लाने का कार्य कर रहा है। महिलाएं आज केवल परिवार की जिम्मेदारियां ही नहीं निभा रहीं, बल्कि सफल उद्यमी, नवाचारकर्ता और रोजगार सृजनकर्ता के रूप में भी अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ नए संपर्क स्थापित करने, अनुभव साझा करने और अपने व्यवसाय को विस्तार देने के अवसर प्रदान करते हैं।

आकर्षण का केंद्र बने विविध स्टॉल
ट्रेड फेयर में साडिय़ों और डिज़ाइनर परिधानों, ज्वेलरी, फैशन एक्सेसरीज़, चांदी के उत्पादों, गृह सज्जा सामग्री, बेकरी उत्पादों, स्टेशनरी, घरेलू खाद्य पदार्थों, कस्टमाइज्ड गिफ्ट आइटम, बीमा सेवाओं, ट्रैवल सॉल्यूशंस, रियल एस्टेट सेवाओं, ऑफिस उपयोगी सामग्री तथा कन्फेक्शनरी सहित अनेक आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। गदग और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंच रहे हैं। आगंतुकों ने उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता की सराहना करते हुए इसे स्थानीय उद्यमियों को समर्थन देने का उत्कृष्ट अवसर बताया। कार्यक्रम की कन्वीनर संतोष गडिय़ा के नेतृत्व में पूरे आयोजन की योजना और प्रबंधन किया गया। उनकी प्रतिबद्धता और आयोजन समिति के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम का सफल संचालन संभव हो पाया है।

Updated on:
25 Jun 2026 05:36 pm
Published on:
25 Jun 2026 05:35 pm