उत्तर कर्नाटक के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। बेंगलूरु और मुंबई के बीच रेल सेवा के शुभारंभ के अवसर पर केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने हुब्बल्ली के श्री सिद्धारूढ़ स्वामी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि बेंगलूरु से शुरू होने वाली यह ट्रेन दावणगेरे, हुब्बल्ली और धारवाड़ होते हुए मुंबई तक पहुंचेगी। भले ही यह मार्ग लंबा है, लेकिन यात्रियों को लगभग 24 घंटे में सफर पूरा करने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पहले ही धारवाड़-बेलगावी के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी के लिए लगभग एक हजार करोड़ रुपए देने का प्रस्ताव दे चुकी है।
भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी
जोशी ने राज्य सरकार से धारवाड़-बेलगावी तथा दावणगेरे-तुमकुरु के बीच भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हुब्बल्ली और बेंगलूरु के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेलवे विद्युतीकरण के मामले में देश दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है। पहले रेलवे विभाग को बजट में पर्याप्त राशि नहीं मिलती थी, लेकिन अब विभाग को दो लाख करोड़ रुपए से अधिक का आवंटन किया जा रहा है। कर्नाटक को भी सालाना सात से आठ हजार करोड़ रुपए मिल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देशभर में 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं और रेलवे क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अलनावर रेलवे स्टेशन का जल्द उद्घाटन किया जाएगा तथा राज्य में लगभग 3,700 किलोमीटर रेलवे विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है।
हुब्बल्ली-अंकोला रेल लाइन परियोजना पर प्रयास जारी
उन्होंने कहा कि हुब्बल्ली-अंकोला रेल लाइन परियोजना पर भी प्रयास जारी हैं। इस परियोजना से अंकोला बंदरगाह के विकास और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन में देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा है, जबकि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत का सपना आने वाले वर्षों में साकार होगा। इस अवसर पर विधायक अरविंद बेलद, विधायक महेश टेंगिनकाई, एफ.एच. जक्कप्पा, प्रदीप शेट्टर, पूर्व मेयर रमन्ना बडीगर, कर्नाटक चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जी.के. अडप्पा गौड़ा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।