कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय, हुब्बली द्वारा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) के तहत 19 जून को हुब्बली और बेलगावी में राज्य स्तरीय जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय, हुब्बली के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम आशुतोष ने यहां पत्रकारों को दी।

दो स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम आशुतोष ने बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2025 को किया था। यह एक महत्वपूर्ण रोजगार-आधारित प्रोत्साहन योजना है, जिसका उद्देश्य देशभर में बड़े पैमाने पर औपचारिक रोजगार को बढ़ावा देना तथा सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार करना है। इस योजना के माध्यम से दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। हुब्बली में यह कार्यक्रम देशपांडे फाउंडेशन ऑडिटोरियम, बीवीबी कैंपस, विद्यनगर में आयोजित किया जाएगा, जबकि बेलगावी में कार्यक्रम बेलगावी फाउंड्री क्लस्टर, अंगोल इंडस्ट्रियल एरिया, उद्यमबाग में होगा। दोनों कार्यक्रमों का आयोजन ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय, हुब्बली द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हुब्बली और बेलगावी के कार्यक्रम देशव्यापी पीएम-वीबीआरवाई अभियान का हिस्सा होंगे। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन से करेंगे। इसी दौरान देशभर के औद्योगिक क्लस्टरों और राज्य की राजधानियों में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नव-नियुक्त कर्मचारियों को दिए जाएंगे नियुक्ति पत्र
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नव-नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही श्रम कल्याण योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा लाभों तथा हाल में लागू किए गए श्रम सुधारों की जानकारी भी दी जाएगी। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के बारे में व्यापक जागरूकता फैलाना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी देना, जनप्रतिनिधियों, नियोक्ताओं और लाभार्थियों के बीच संवाद को प्रोत्साहित करना, नए कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करना, श्रम कल्याण योजनाओं और हालिया श्रम सुधारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रोजगार आधारित विकास पर सरकार का जोर रहेगा।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोडऩे का प्रयास
ईपीएफओ के लेखाधिकारी जे. ए. मंजूनाथ ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन रोजगार आधारित आर्थिक विकास, कार्यबल के औपचारिकीकरण और श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा कवरेज को मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। पीएम-वीबीआरवाई के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ अधिक से अधिक श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि, नियोक्ता, कर्मचारी, पीएम-वीबीआरवाई के लाभार्थी तथा केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित किया जाएगा।