
मेंगलूरु। स्कूल स्वयं उनके पास पहुंचेगा। ऐसे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए राज्य में सिग्नल स्कूल अथवा स्कूल ऑन व्हील्स योजना शुरू की जा रही है। इसके तहत राज्य के पांच नगर निगम क्षेत्रों में चलित कक्षाओं के माध्यम से बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) ने देशभर में इस योजना को लागू करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश और कार्ययोजना तैयार की है। कर्नाटक में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नेतृत्व में नगर निगम, स्कूल शिक्षा विभाग, केएसआरटीसी, श्रम विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर योजना का संचालन करेंगे।
योजना का मूल उद्देश्य है कि बच्चे स्कूल नहीं आ सकते तो स्कूल उनके पास पहुंचे। इसके लिए उपयोग में नहीं आ रही सरकारी बसों का नवीनीकरण कर उन्हें आधुनिक चलित कक्षाओं में बदला जाएगा। इनमें एलईडी स्क्रीन, टेलीविजन, वाई-फाई, ब्लैकबोर्ड और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक बस में दो प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति का प्रस्ताव है। बच्चों को नि:शुल्क गणवेश (यूनिफार्म), जूते और पाठ्यपुस्तकें भी दी जाएंगी।
योजना को मध्याह्न भोजन कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा, ताकि बच्चों को शिक्षा के साथ पौष्टिक भोजन भी मिल सके। नियमित पढ़ाई के अलावा चित्रकला, संगीत, खेलकूद, स्वास्थ्य जांच और मनोवैज्ञानिक परामर्श की सुविधा भी दी जाएगी।
नालसा शिक्षा योजना-2026 के तहत बच्चों को प्रारंभ में तीन महीने का विशेष सेतु पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। इसके बाद उनकी आयु और सीखने के स्तर के अनुसार निकटवर्ती सरकारी अथवा नगर निगम के स्कूलों में प्रवेश दिलाया जाएगा। प्रवासी परिवारों के बच्चों को शिक्षा संबंधी प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा, ताकि स्थान बदलने पर दूसरे क्षेत्र के स्कूल में प्रवेश लेने में परेशानी न हो।
योजना के लिए मेंगलूरु, बेंगलूरु, बेलगावी, धारवाड़ और कलबुर्गी नगर निगम क्षेत्रों का चयन किया गया है। एक दिसंबर तक प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित करने के बाद इसे जल्द लागू करने की तैयारी है। राज्य में अब तक सर्वेक्षण के माध्यम से एक हजार से अधिक ऐसे बच्चों की पहचान की जा चुकी है। अन्य बच्चों को भी चिह्नित करने के लिए सर्वेक्षण जारी है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव जैबुन्निसा ने बताया कि शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोडऩा योजना का प्रमुख उद्देश्य है। भविष्य में इसे अन्य क्षेत्रों में भी विस्तारित करने की योजना है।
मनोचिकित्सक डॉ. किरण कुमार पी.के. ने कहा कि सडक़ पर रहने वाले बच्चों का सर्वेक्षण चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन उन्हें शिक्षा से जोडऩा जरूरी है। बेहतर शिक्षा से ये बच्चे समाज की मुख्यधारा में लौटने के साथ देश के विकास में भी योगदान दे सकेंगे।