
प्रमुखता से उठाएंगे जनहित से जुड़े मुद्दे
शिवानंद मेनसिंकाई अब नगर निगम में भाजपा के फ्लोर लीडर के रूप में पार्टी की ओर से नेतृत्व करेंगे। वे सदन में पार्टी की नीतियों और विकास संबंधी प्रस्तावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। साथ ही भाजपा पार्षदों के बीच समन्वय स्थापित करने और सदन की कार्यवाही में पार्टी की रणनीति को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
राजनीति और संगठन में लंबे समय से सक्रिय
शिवानंद मेनसिंकाई राजनीति और संगठन में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे दूसरी बार वार्ड संख्या 67 से पार्षद चुने गए हैं। वर्तमान में वे भाजपा के जिला महासचिव के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे भाजपा हुब्बल्ली शहर जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं से मजबूत संपर्क और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका के कारण पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
उनकी नियुक्ति के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में नगर निगम में विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। साथ ही शहर के समग्र विकास के लिए भाजपा की योजनाओं को गति मिलेगी।