हुबली

कार्यशालाओं के माध्यम से महिलाओं को कर रही जागरूक, कन्या सुरक्षा सर्किल बनवाया, अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल लाडनूं के निर्देशानुसार हो रहे सेवा कार्य

तेरापंथ महिला मंडल गदग की सदस्य कार्यशालाओं के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने में महत्ती भूमिका निभा रही है। कोरोना से पहले यहां रेलवे स्टेशन के पास कन्या सुरक्षा सर्किल बनवाया गया। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के मौके पर यहां ध्वजारोहण भी किया जाता है। सर्किल का नाम हिंदी के साथ कन्नड़ में भी लिखवाया गया है ताकि अन्य लोग भी प्रेरणा ले सकें। इसके साथ ही अनाथ आश्रम, वृद्धाश्रम समेत अन्य कई जगहों पर सेवा कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं।

2 min read
तेरापंथ महिला मंडल गदग

तुलसी शिक्षा परियोजना के तहत छात्रवृत्ति
आचार्य तुलसी ने देशभर में तेरापंथ महिला मंडल की शुरुआत की। खासकर अखिल भारतीय महिला मंडल लाडनूं के निर्देशानुसार ही अधिकांश कार्य किए जाते हैं। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर भी सेवा कार्य किए जाते हैं। हर महीने नारी लोक के माध्यम से एक महीने का कार्यक्रम तय रहता है। हर साल चार कार्यक्रम विशेष रूप से किए जाते हैं। इसमें तुलसी शिक्षा परियोजना के तहत हर साल छात्रवृत्ति का वितरण किया जाता है। स्वस्थ समाज स्वस्थ परिवार कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है। ऐसी कार्यशालाएं हर महीने आयोजित की जाती है। पिछले दिनों ही ननद-भाभी का रिश्ता नाजुक रिश्ता पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। आओ चलें गांव की ओर कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में विशेष कार्य किया जाता है। पिछले दिनों स्थानीय अस्पताल में फिजियोथैपेरी मशीन भेंट की गई। गदग में तेरापंथ समाज के 53 परिवार निवास कर रहे हैं। इनमें 25 परिवार अकेले बालोतरा जिले के असाडा मूल के है। इसके साथ ही समदड़ी, बालोतरा, कनाना एवं बालोतरा जिले के अन्य इलाकों से भी तेरापंथ समाज के परिवार निवास कर रहे हैं।

चौबीसी स्तुति
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान भी चलाया जा रहा है। समय-समय पर महिलाओं के ज्ञानार्जन के प्रयास भी किए जाते हैं। चौबीसी स्तुति सिखाई जाती है। चौथे आचार्य जयाचार्य ने चौबीसी लिखी। इसके साथ ही अन्य विषयों पर कार्यशालाएं एवं अन्य ज्ञानवद्र्धक आयोजन होते हैं। समय-समय पर परिसंवाद किया जाता है। तप-सामायिक के कार्यक्रम भी निरन्तर चलते रहते हैं। इसी वर्ष राजस्थान पत्रिका के साथ मिलकर पक्षी मित्र अभियान का आयोजन भी किया गया। इसके तहत पक्षियों के लिए सकोरों का वितरण भी किया गया। मंडल की सदस्यों ने पक्षियों के लिए अपने घर की छत पर ऐसे सकोरे रखने तथा नियमित रूप से दाना-पानी की व्यवस्था करने का संकल्प भी दोहराया।

मंडल की पदाधिकारी
तेरापंथ महिला मंडल गदग के अध्यक्ष पद का दायित्व विजेता भंसाली असाडा के पास है। अन्य पदाधिकारियों में शोभा संकलेचा असाडा व संतोष सालेचा बालोतरा उपाध्यक्ष, इन्द्रा सालेचा बालोतरा सचिव, सारिता संकलेचा असाडा सह सचिव तथा पिंकी भंडारी असाड़ा कोषाध्यक्ष के पद पर कार्यरत है। पिंकी के. जिरावला समदड़ी प्रचार मंत्री है। इसके साथ ही नौ कार्यकारिणी सदस्य है।

कार्यशालाओं का आयोजन
तेरापंथ महिला मंडल गदग की अध्यक्ष विजेता भंसाली असाडा ने बताया कि इस बार भी तेरापंथ महिला मंडल की गदग इकाई की ओर से कई सेवा कार्य हाथ में लिए गए हैं। दीपावली पर कन्याओं के लिए कम्पीटिशन का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही अलग-अलग विषयों पर कार्यशालाओं का आयोजन होगा। जरूरतमन्द, गरीब एवं असहाय लोगों की मदद के लिए भी कार्य किए जाएंगे।

Published on:
28 May 2024 06:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर