
Jubilee Hills SHO case:हैदराबाद में एक पुलिस अधिकारी पर लगे गंभीर आरोपों के बाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जुबली हिल्स थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) यू. श्रीनिवासुलु रेड्डी को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में उसके निजी वीडियो व तस्वीरों का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल किया। महिला ने अधिकारी पर 2 करोड़ रुपए मांगने का भी आरोप लगाया है।
मामला तब सामने आया जब पीड़ित महिला ने तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (DGP) सी. वी. आनंद से शिकायत की। महिला का आरोप है कि वह करीब दो साल पहले अपनी पारिवारिक समस्या को लेकर पुलिस स्टेशन गई थी। उस समय अधिकारी ने उसकी मदद की थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ गई और धीरे-धीरे यह रिश्ता विवादों में घिर गया।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अधिकारी ने उस पर संबंध बनाने का दबाव बनाया और इनकार करने पर परेशान करने की धमकी दी। महिला का दावा है कि बाद में अधिकारी ने उसके निजी पलों के वीडियो और तस्वीरें अपने पास रख लीं और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे की मांग करने लगा।
पुलिस जांच में सामने आया कि अधिकारी और महिला के बीच व्यक्तिगत संबंध बने थे। आरोप है कि बाद में अधिकारी ने दूरी बनाने की कोशिश की और महिला को बदनाम करने की धमकी देकर कई बार पैसे लिए। महिला ने यह भी दावा किया कि उसने अलग-अलग मौकों पर ऑनलाइन माध्यम से अधिकारी को रकम भेजी थी।
शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और आंतरिक जांच शुरू कराई। जांच के आधार पर जुबली हिल्स के तत्कालीन SHO को पहले ड्यूटी से अलग रखा गया और फिर निलंबित कर दिया गया।
हैदराबाद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि दोष साबित होने पर नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि इस तरह के मामलों में पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।