28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

साथी ट्रेनी IPS का किया शारीरिक शोषण, प्राइवेट वीडियो बना कर किया ब्लैकमेल, आरोपी ट्रेनी अफसर की तलाशी शुरू

Trainee IPS officer Sexual Harassment Case: तेलंगाना में महिला ट्रेनी IPS अधिकारी के यौन उत्पीड़न, शारीरिक हमला, प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने के आरोपों के बाद आरोपी ट्रेनी IPS अधिकारी की पुलिस तलाश कर रही है। हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद जांच और कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है।
3 min read
Google source verification
Accused Trainee IPS officer Mulagani Uday Krishna Reddy

आरोपी ट्रेनी IPS अधिकारी मुलगानी उदय कृष्ण रेड्डी (फोटो- Shakeel Yasar Ullah एक्स पोस्ट)

Telangana Trainee IPS Case: तेलंगाना में ट्रेनी भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक महिला ट्रेनी IPS अधिकारी की शिकायत के बाद आरोपी ट्रेनी IPS अधिकारी मुलागानी उदय कृष्णा रेड्डी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हाई कोर्ट से गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत नहीं मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। महिला अधिकारी ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने लंबे समय तक उसका यौन उत्पीड़न किया, शारीरिक हमला किया, उसकी जानकारी के बिना प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड किया और उसी वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और कानूनी कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है।

हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद से फरार आरोपी

तेलंगाना पुलिस के अनुसार, मुलागानी उदय कृष्णा रेड्डी ने हाई कोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज केस को रद्द करने और गिरफ्तारी से राहत देने की मांग की थी। लेकिन अदालत से उसे अंतरिम राहत नहीं मिली। इसके बाद पुलिस जब पूछताछ के लिए नोटिस देने उसके दोनों बताए गए पतों पर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए मैनहंट शुरू कर दिया। इस मामले की जांच इंस्पेक्टर ज्योत्सना कर रही हैं, जबकि पूरी जांच की निगरानी SHE Teams की डीसीपी लावण्या नाइक जाधव कर रही हैं। डीसीपी ने महिला ट्रेनी IPS अधिकारी का बयान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और अकादमी के अधिकारियों की मौजूदगी में दर्ज किया।

महिला ट्रेनी IPS ने लगाए गंभीर आरोप

करीब 30 वर्षीय महिला ट्रेनी IPS अधिकारी ने शिकायत में कहा कि 23 जून से आरोपी उसे इंस्टेंट मैसेजिंग एप पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेज रहा था। वह अकादमी में उसके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां भी करता था। महिला अधिकारी का आरोप है कि आरोपी ने उस पर दूसरे ट्रेनी अधिकारी के साथ संबंध होने का झूठा आरोप लगाया और उसे इसे स्वीकार करने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार, 9 जुलाई को आरोपी ने उसे जबरन अपने कमरे में ले जाकर बाल पकड़कर मारपीट की, गला दबाने की कोशिश की, चाकू गर्दन पर रखकर डराया और बाहर नहीं जाने दिया। अगले दिन भी उसके साथ मारपीट की गई। महिला अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना उसका प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे उसके पति को भेजकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की।

कई गंभीर धाराओं में केस, अकादमी से किया गया सस्पेंड

शिकायत के आधार पर अत्तापुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इनमें महिला की मर्यादा भंग करने की कोशिश, यौन उत्पीड़न, पीछा करना, गलत तरीके से बंधक बनाना, चोट पहुंचाना, आपराधिक धमकी और महिला का अपमान करने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की गोपनीयता के उल्लंघन और यौन स्पष्ट सामग्री से जुड़ी धाराएं भी लगाई गई हैं। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA) ने आरोपी ट्रेनी अधिकारी को प्रशिक्षण से निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है।

शिकायत के बाद आत्महत्या करने का किया गया दावा

मामला दर्ज होने के अगले दिन आरोपी ने कथित तौर पर अधिक मात्रा में शराब पी ली और बेहोश हो गया था। उसके भाई और दोस्तों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआत में आत्महत्या की कोशिश की आशंका जताई गई, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि गैस्ट्रिक जांच में कोई असामान्य चीज नहीं मिली। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल कथित सुसाइड नोट को लेकर पुलिस ने कहा कि उनके पास ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। दूसरी ओर आरोपी ने सोशल मीडिया पोस्ट में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताते हुए कहा है कि उसे न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और उसे विश्वास है कि सच सामने आएगा। अस्पताल से आरोपी को दो दिन बाद छुट्टी दे दी गई थी। बाद में कोर्ट ने उसकी अंतरिम जमानत की याचिका खारिज की जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाशी कर रही है।