
Indore News :मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में एक तरफ जहां अनंत चतुर्दशी के मौके पर निकलने वाली झांकियों को लेकर प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी झांकी मार्ग का निरीक्षण कर रहे थे, इसी दौरान अचानक राजवाड़ा से कुछ कदम की दूरी पर सड़क धंसने की घटना सामने आ गई। पंढरीनाथ मंदिर के पास ये हादसा ठीक उस समय हुआ, जब मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान अचानक सड़क का एक हिस्सा 10 फीट से अधिक धंस गया। घटना के चलते इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी लगते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और डंपर से मिट्टी गड्ढे में भरकर उसे अस्थाई तौर पर बंद किया गया है।
आपका बता दें कि, कुछ दिन पहले ही इसी इलाके में नर्मदा पाइपलाइन में काम किया गया था। अब पाइप लाइन में किए गए काम के बाद सड़क धंसने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि, सड़क की मरम्मत किस तरह की गई और काम की निगरानी किस स्तर पर की गई, ये सब सवालों के घेरे में है।
आपको ये भी बता दें कि, पंढरीनाथ मंदिर के सामने सड़क धंसने की ये घटना शहर में कोई पहली घटना नहीं। इससे पहले विजय नगर और जूनी इंदौर इलाके में भी सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद सड़क निर्माण और मरम्मत के काम की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजवाड़ा से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। लोगों में चर्चा है कि, ऐसा नहीं अचानक कहीं और ऐसा ही गड्ढा हो जाए।
फिलहाल, घटना के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढे को अस्थाई तौर पर बंद करा दिया है। निगम अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही इस स्थान पर व्यवस्थित तरीके से काम कराया जाएगा, ताकि झांकी मार्ग पर आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न सामने आए।