Hindi News / Madhya Pradesh / Indore / Indore Crime: 40 हजार रुपये घूस ले चुका था MPEB का मीटर रीडर, 5 हजार के चक्कर में लोकायुक्त के जाल में फंसा
Indore Crime: 40 हजार रुपये घूस ले चुका था MPEB का मीटर रीडर, 5 हजार के चक्कर में लोकायुक्त के जाल में फंसा
MPEB Bribery Case: 97 हजार के चालान का सेटलमेंट कराने के लिए मांगे थे 45 हजार रुपये, दो किस्तों में पहले ही ले चुका था 40 हार रुपये, हाउसकीपिंग सुपरवाइजर के जरिए 5 हजार रुपये लेते ही लोकायुक्त ने पकड़ा।
mpeb meter reader bribery case 5000 lokayukta trap, आरोपी दीपक सजदेवा (बाएं) और आरोपी संदीप मिश्रा (दाएं), (Source-Patrika)
Indore MPEB Bribery Case: मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों पर लोकायुक्त की कार्रवाई का सिलसिला जारी है। 23 नवंबर (सोमवार) को इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने मध्यप्रदेश विद्युत मंडल (MPEB) के अरण्य जोन में पदस्थ मीटर रीडर को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा है। इस मामले में विभाग के जूनियर इंजीनियर और स्काई कॉर्पोरेट बिल्डिंग के हाउसकीपिंग सुपरवाइजर की भूमिका भी सामने आई है। रिश्वत की रकम हाउसकीपिंग सुपरवाइजर के माध्यम से ली गई थी।
97 हजार के चालान के सेटलमेंट के लिए मांगी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि शहर की स्काई कॉर्पोरेट बिल्डिंग की नौवीं मंजिल पर विरूश कैफे संचालित करने वाले संचालक आर्जव जैन ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में आर्जव जैन ने बताया था कि अरण्य जोन के जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा ने उनके कैफे पर कार्रवाई करते हुए 97 हजार रुपये का चालान बनाया था। इस चालान का सेटलमेंट कराने के बदले मीटर रीडर संदीप ने उनसे 45 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता आर्जव जैन के मुताबिक रिश्वत की रकम में से 20-20 हजार रुपये की दो किस्तें मीटर रीडर संदीप मिश्रा उनसे पहले ही ले चुका था। फरियादी आर्जव जैन की शिकायत की लोकायुक्त इंदौर की टीम ने जांच की शिकायत सही पाए जाने पर सोमवार को रीडर संदीप मिश्रा को रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ने के लिए ट्रैप योजना बनाई। लोकायुक्त ने फरियादी आर्जव जैन को रिश्वत के 5 हजार रुपये देने के लिए भेजा तो हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा ने रिश्वत की रकम ली और उसे मीटर रीडर संदीप मिश्रा को ले जाकर दिया। जैसे ही संदीप मिश्रा ने पैसे लिए तो लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त ने जूनियर इंजीनियर रवि मिश्रा और मीटर रीडर संदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।