MP News: प्रदेश संगठन ने एल्डरमैन नियुक्ति के लिए स्थानीय संगठन से नाम मांगे हैं। विधायकों ने अपने स्तर पर 3-3 तो किसी ने 4 नाम आगे बढ़ाए हैं।
MP News: नगर निगम में जल्द ही 12 एल्डरमैन नियुक्त करने की तैयारी है। कई दावेदार विधायकों के जरिए एल्डरमैन बनने के प्रयास में हैं तो कुछ संगठन के जरिए आगे बढ़ रहे हैं। 12 पदों के लिए 50 से ज्यादा नेता कतार में है। निगम मंडलों के लिए भी दावेदारी की जा रही है। भाजपा की नगर कार्यकारिणी को घोषणा के बाद उभरे असंतोष व विरोध प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए संगठन में इस बार पूरी सावधानी रखते हुए नाम आगे बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है।
प्रदेश संगठन ने एल्डरमैन नियुक्ति के लिए स्थानीय संगठन से नाम मांगे हैं। विधायकों ने अपने स्तर पर 3-3 तो किसी ने 4 नाम आगे बढ़ाए हैं। सांसद के साथ ही संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने समर्थकों के नाम आगे बढ़ाए हैं। कुछ नाम प्रदेश स्तर पर भेजे जा चुके हैं, लेकिन संगठन अभी मौन है। 12 एल्डरमैन बनाए जाना है, जिसके लिए 50 से ज्यादा नाम हैं। शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा का कहना है कि एल्डरमैन पद पर संगठन के पुराने नेताओं को भी स्थान दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार अब निगम मंडलों पर भी नियुक्ति करने की तैयारी में है। इसकी भनक लगते हुए कई नेता स्थान पाने सक्रिय हैं। अधिकांश की नजर आइडीए पर है, मंत्रियों ने अपने समर्थक को बैठाने के प्रयास भी किए हैं। हालांकि संकेत मिला है कि अभी सरकार आइडीए में नियुक्ति के पक्ष में नहीं है।
वहीं दूसरी ओर बताया जा रहा है कि निगम मंडलों में नियुक्तियों के लिए पार्टी नेताओं की लिस्ट भी तैयार हो चुकी है पर घोषणा अर्से से अटकी पड़ी है। इसपर अब प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा है कि पूरा प्रदेश इसी में फंसा हुआ है। कांग्रेस नेता अजय सिंह ने इसमें 'मामा' का पेंच भी फंसा दिया। उन्होंने कहा कि मामा ऐसे जल्दी कुछ होने नहीं देंगे।