इंदौर

घबराहट हुई और कुछ ही देर में 17 साल की लड़की की हो गई मौत

बेटी को सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत होने पर परिजन लेकर पहुंचे थे अस्पताल

2 min read
Dec 20, 2023

असमय मौत की एक और चौंका देने वाली खबर इंदौर से सामने आई है। यहां महज 17 साल की उम्र में एक युवती की सीने में दर्द और घबराहट के बाद मौत हो गई। हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। डॉक्टर्स का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा लेकिन लक्षणों के हिसाब से हार्ट अटैक से मौत होना सामने आया है। बताया गया है कि युवती बीए की छात्रा थी। बेटी की मौत के बाद परिवार सदमे में है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

17 साल की लड़की असमय मौत
घटना शहर के मल्हारगंज थाना इलाके के रामबली नगर की है। जहां रहने वाली 17 साल की संजना यादव को घबराहट और सीने में शिकायत के बाद बीती रात परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई । संजना के पिता का नाम चंपालाल यादव है जो लोडिंग ऑटो चलाते हैं। उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे हैं। बेटी संजना बड़ी थी जो पढ़ लिखकर सरकारी नौकरी करना चाहती थी।

पूरे परिवार के लिए बनाया था खाना
बिलखते हुए पिता चंपालाल ने ये भी बताया कि बेटी संजना ने पूरे परिवार के लिए खाना पकाया था। सभी ने खाना खाया और फिर सोने चले गए। रात में बेटी को घबराहट हुई तो मां को बताया फिर मुझसे लिपटकर रोने लगी तो हम तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज भी किया लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था और संजना हमें छोड़कर चली गई।

ठंड में बढ़ जाता है हार्ट अटैक का खतरा
विशेषज्ञों की मानें तो ठंड में केवल ठंडी हवा में सांस लेने से किसी व्यक्ति के सीने में दर्द हो सकता है। ठंड के मौसम में, रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे रक्तचाप बढ़ सकता है और दिल का दौरा और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। जब शरीर का तापमान 95 डिग्री से नीचे चला जाता है, तो हाइपोथर्मिया आपके हृदय की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचा सकता है। इसी कारण ठंड में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है।

Published on:
20 Dec 2023 04:13 pm
Also Read
View All