- भारी बारिश बनी मुसीबत- गोदाम का छज्जा गिरने से 2 मजदूर दबे- इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत- CCTV कैमरे में कैद हुई घटना
देशभर के साथ साथ मध्य प्रदेश के कई इलाकों में शुरु हुई भारी बारिश कई लोगों के मुसीबत का सबब बनती जा रही है। एक तरफ प्रदेश के कई इलाकों में नजदी नाले उफान पर हैं तो वहीं कई क्षेत्रों में पानी भर गया है तो वहीं दूसरी तरफ बारिश के कारण पुराने और जर्जर भवनों के गिरने की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। बारिश के कारण जरजर मकान गिरने का ताजा मामला सूबे के आर्थिक शहर इंदौर में सामने आया है। यहां छज्जे की चपेट में आकर दो मजदूर दब गए।
बता दें कि, तेज बारिश के बाद इंदौर जिले में स्थित एक गोदाम की छत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। छज्जे की चपेट में इमारत के नीचे खड़े दो मजदूर आकर दब गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि दूसरे का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। छज्जा गिरने की घटना इलाके में स्थित एक अन्य गोडाउन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
CCTV में कैद हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना देवास नाके पर स्थित सूर्या कंपनी के गोदाम का बताया जा रहा है। इलेक्ट्रिक गोदाम पर माल खाली कराने मजदूर पहुंचे थे। माल खाली करते समय अचानक गोदाम की इमारत का भारी भरकम छज्जा भरभराकर नीचे आ गिरा, जिससे नीचे काम कर रहे दो मजदूर दब गए। घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां अर्जुन नाम के युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद लसूड़िा थाना पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए जांच शुरु कर दी है।