इंदौर

Indore news: भाई को राखी बांधी, फिर सबको अकेला छोड़ गई अमाया, नहीं काट पाई दूसरे ‘बर्थडे’ का केक

Road accident: रक्षाबंधन पर घर लौटते समय 23 माह की अमाया की सिर पर चोट लग गई थी। उसके दूसरे जन्मदिन पर परिवार शोक में डूबा है।
2 min read
Aug 30, 2026
23 माह की अमाया (Photo Source - Patrika)
23 माह की अमाया (Photo Source - Patrika)

Indore news: 30 अगस्त यानी आज अमाया का जन्मदिन है, लेकिन अमाया अब इस दुनिया में नहीं है। रक्षाबंधन की खुशियां और बेटी के दूसरे जन्मदिन का उत्साह परिवार के लिए मातम में बदल गया। अमाया के जाने के बाद से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि उसके जन्मदिन के लिए सब लोग बहुत उत्सक थे लेकिन उससे पहले ही वो हम सबको छोड़कर चली गई।

बता दें कि रक्षाबंधन पर मायके में राखी बांधकर परिवार के साथ घर लौट रही एक मां की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं। बाइक के सामने अचानक सुअर आने से उसे बचाने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। घटना में बाइक पर आगे बैठी 23 माह की मासूम बच्ची सिर के बल सड़क पर जा गिरी। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आ गई। इलाज की दौरान अमाया की मौत हो गई।

बिगड़ गया था संतुलन

मासूम अमाया के पिता बंसीलाल ने बताया, वह पत्नी रिंकी, छोटी बेटी अमाया और बड़ी बेटी परी के साथ खंडवा रोड स्थित रायकान सिटी गए थे। वहां रिंकी ने अपने भाई को राखी बांधी। इसके बाद चारों एक ही बाइक से इंदौर स्थित घर लौट रहे थे। उमरीखेड़ा के पास अचानक बाइक के सामने सूअर आ गया। उसे बचाने में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल गई। हादसे में अमाया बाइक से उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरी। हादसे में बंसीलाल, रिंकी और बड़ी बेटी परी को भी मामूली चोटें आई है।

जन्मदिन की तैयारियों में जुटा था परिवार

परिवार ने बताया कि 30 अगस्त को अमाया का दूसरा जन्मदिन मनाने की तैयारियों तेजी से की जा रही थी लेकिन उससे पहले ही घर में मातम छा गया। आमाया की मौत के बाद रविवार को भी घर में लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। बंसीलाल ने बताया कि परिवार पालदा नाका क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। मूल रूप से वे देवास जिले के उदयनगर के रहने वाले हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। भंवरकुआं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
30 Aug 2026 01:56 pm
Published on:
30 Aug 2026 01:56 pm