इंदौर

Indore News : शहर की वैध और अवैध मिलाकर 3400 कॉलोनियां होंगी ऑनलाइन

नगर निगम कॉलोनी सेल का अलग से तैयार हो रहा पोर्टल, आम जनता को दिसंबर से एक क्लिक पर मिलने लगेगी जानकारी

2 min read
Aug 23, 2023
Indore News : शहर की वैध और अवैध मिलाकर 3400 कॉलोनियां होंगी ऑनलाइन

उत्तम राठौर

इंदौर. शहर में वैध और अवैध मिलाकर 3400 कॉलोनियां हैं। अब यह कॉलोनियां नगर निगम की वेबसाइट पर ऑनलाइन हो जाने रही हैं। इसके लिए निगम कॉलोनी सेल का अलग से पोर्टल बनाया जा रहा है और इसे लेकर काम शुरू हो गया हैं। अगर सब कुछ ठीक रहा तो इसी वर्ष दिसंबर से आम जनता को इन कॉलोनियों की जानकारी ऑनलाइन एक क्लिक पर मिल जाएंगी। साथ ही लोग अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से भी बच जाएंगे।

नगर निगम कॉलोनी सेल के सर्वे अनुसार शहर में 900 से ज्यादा अवैध कॉलोनियां कटी हुई हैं। इसके साथ ही वैध कॉलोनियों का आंकड़ा 2500 के आसपास है। इस तरह वैध और अवैध मिलाकर कुल 3400 कॉलोनियां शहर में हैं। इन सब कॉलोनियों को अब ऑनलाइन किया जा रहा है ताकि आम जनता निगम की वेबसाइट पर जाकर एक क्लिक में वैध-अवैध कॉलोनी को देख सकें। इसके लिए वेबसाइट पर निगम कॉलोनी सेल का एक पोर्टल बनाया जा रहा है। इसमें कॉलोनियों से संबंधित सारी जानकारी रहेगी। कॉलोनी सेल का पोर्टल बनाने और कॉलोनियों का डाटा इकट्ठा करने का काम शुरू हो गया है।

इस काम को इसी वर्ष दिसंबर तक पूरा करने का टारगेट रखा गया है। निगम का सूचना एवं प्रौद्योगिक विभाग (आईटी) सेल इस काम को एक एजेंसी के माध्यम से अंजाम दे रहा है। कॉलोनी सेल का पोर्टल बनने से आम जन को काफी राहत होगी, क्योंकि उन्हें शहर की वैध और अवैध कॉलोनियों के बारे में आसानी से मालूम पड़ जाएगा। अभी लोगों को कॉलोनी संबंधित जानकारी के लिए निगम मुख्यालय स्थित कॉलोनी सेल आना पड़ता है। कभी-कभी अफसर और कर्मचारियों के न मिलने पर चक्कर अलग काटना पड़ते हैं। यह देखते हुए ही अब कॉलोनियों को ऑनलाइन किया जा रहा है। इनके साथ ही कॉलोनी की विकास अनुमति देने और कार्यपूर्णता भी ऑनलाइन करने की प्लानिंग की जा रही है।

अभी तक 100 कॉलोनियां हुई वैध और 32 करने की तैयारी

सर्वे अनुसार शहर में 900 से अधिक अवैध कॉलोनियां हैं। इनमें से निगम कॉलोनी सेल ने 250 कॉलोनियों को लेकर वैध करने की प्रक्रिया शुरू की। पिछले दिनों 100 अवैध कॉलोनियों को वैध कर दिया गया और अब 32 कॉलोनियों को वैध करने की तैयारी हैै। यह कॉलोनियां 25 अगस्त को वैध होंगी। इसके लिए एक कार्यक्रम जाल सभागृह में रखा गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जबलपुर से वर्चुअल जुड़ेंगे। अवैध से वैध हो रही 250 में से बची 118 कॉलोनियों को लेकर प्रक्रिया चल रही हैं। जल्द ही इन कॉलोनी को लेकर सूचना सार्वजनिक कर दावे-आपत्तियां बुलवाई जाएंगी।

तय समय में कर देंगे वैध-अवैध कॉलोनी ऑनलाइन

शहर की वैध-अवैध कॉलोनी को लेकर निगम की वेबसाइट पर अलग से पोर्टल बनाया जा रहा है। कॉलोनी सेल का यह पोर्टल रहेगा। इस पर आम जनता को वैध-अवैध कॉलोनी से संबंधित सभी जानकारी एक क्लिक पर मिल जाएगी। पोर्टल इसी वर्ष दिसंबर तक शुरू हो जाएगा। इस तय समय में वैध-अवैध कॉलोनी का पूरा डॉटा ऑनलाइन कर देंगे।

- राजेश उदावत, प्रभारी, सूचना एवं प्रौद्योगिक विभाग

Published on:
23 Aug 2023 11:14 am
Also Read
View All