इंदौर

इंदौर के गुरुद्वारे में बन रहा फाइव स्टार डायग्नोस्टिक सेंटर, 1500 रुपए में होगी MRI

5 Star Diagnostic Center : इमली साहिब गुरुद्वारे में आधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर शुरु होगा। महंगी जांचों से राहत मिलेगी। 17 करोड़ की लागत से बनकर तैयार होगा सेंटर। MRI-CT स्कैन सस्ते होंगे।
2 min read
5 Star Diagnostic Center
इमली साहिब गुरुद्वारे में बनेगा डायग्नोस्टिक सेंटर (फोटो सोर्स: Demo Pic By ChatGPT)

Indore News :मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के जवाहर मार्ग स्थित इमली साहिब गुरुद्वारा में फाइव स्टार डायग्नोस्टिक सेंटर बनाने का काम शुरू हो गया है। यहां पर हाई टेक एमआरआई, सिटी स्कैन और पैथोलॉजी की जांच बाजार से बहुत कम खर्च पर की जाएगी। इसके अलावा, यहां के मेडिकल स्टोर पर भी सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 17 करोड़ की लागत से बनने वाले इस सेंटर के लिए श्री गुरुसिंघ सभा ने मुंबई की एक ट्रस्ट को 2500 वर्ग फीट जमीन सौंप दी है।

बड़ी बात ये है कि, सेंटर पर जाति और धर्म का कोई बंधन नहीं होगा। श्री गुरुसिंघ सभा इंदौर के अध्यक्ष मोनू भाटिया ने कुछ महीनों पहले मुंबई की चार साहिबजादे चैरिटेबल ट्रस्ट के बाबा पुरिंदर सिंह से एक एमओयू किया था। ये ट्रस्ट गरीबों के इलाज में मदद के साथ मेडिकल के क्षेत्र में अच्छा काम करती है। देश में अब तक चार शहरों में डायग्नोस्टिक सेंटर खोल रखे हैं जिसमें बहुत कम कीमत पर सभी जांचें होती हैं। भाटिया के आग्रह पर ट्रस्ट ने इंदौर में 17 करोड़ रुपए की लागत से सेंटर बनाने का फैसला किया।

सेंटर में आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी

हाल ही में ट्रस्टी इंदौर आए थे, जिन्हें भाटिया और उनकी टीम ने 2500 वर्ग फीट का हॉल सौंप दिया। फाइव स्टार सेंटर में देश के नामी अस्पतालों में लगी जांच मशीनें लगाई जाएंगी। ये काम पूरा होने में करीब पांच माह लगेंगे। जनवरी में ट्रस्ट यहां पर सेंटर के साथ मेडिकल स्टोर भी शुरू होगा, जिसमें 70 फीसदी तक डिस्काउंट मिलेगा। इससे पहले श्री गुरु सिंह सभा अध्यक्ष भाटिया ने दो साल पहले चोइथराम अस्पताल से सिख समाज के सदस्यों का इलाज कराने के लिए एमओयू किया गया था। सभी के मेडिकल कार्ड बनाए गए, जिसके बाद बहुत कम कीमत पर डॉक्टरों जांच कर इलाज करते हैं। ट्रस्ट को जगह 15 साल के लिए मुफ्त दी गई।

यहां होंगी सभी प्रकार की जांचें

सेंटर में एमआरआइ, सीटी स्कैन, पैथोलॉजी जांच के साथ डिस्काउंट पर दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सभा के अध्यक्ष भाटिया के मुताबिक मध्य प्रदेश ही नहीं पूरे देश में सबसे सस्ती एमआरआइ यहां पर होगी। 1500 से अधिकतम दो हजार रुपए लिए जाएंगे। सेंटर पर सिर्फ बीमार और बीमारी को देखा जाएगा, सभी जाति, समाज और धर्म के लोग आ सकेंगे।

Updated on:
02 Sept 2026 02:13 pm
Published on:
02 Sept 2026 02:13 pm