
Indore News :मध्य प्रदेश में आगामी दो-तीन दिनों के दौरान बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिलेगी। खास तौर पर सूबे के आर्थिक नगर इंदौर देश की राजनीति का केंद्र रहेगा। यहां बीजेपी और कांग्रेस अपने अपने ढंग से इंदौर समेत देशभर के युवाओं को साधने की तैयारी कर रही है। एक तरफ 17 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शहर में युवाओं से जुड़े संवाद कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं तो वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के जरिये प्रदेश के जेनजी से सीधे संवाद करेंगे।
खास बात ये है कि, दोनों ही राजनीतिक दलों द्वारा अपने अपने कार्यक्रमों को लेकर भीड़ जुटाने के अपने अपने दावे किए जा रहे हैं। एक तरफ देश और प्रदेश के सत्ताधारी दल बीजेपी कार्यक्रम के लिए 50 हजार युवाओं के शामिल होने का दावा कर रही है तो वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस का दावा है कि, कार्यक्रम से जुड़ने के लि अबतक डेढ़ लाख से अदिक युवा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं, जबकि कार्यक्रम के लिए बनाए जा रहे डोम में एक लाख से अधिक युवाओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। देखना दलचस्प होगा कि, दोनों ही दलों के अपने-अपने दावों के बीच आगामी दिनों में होने वाले कार्यक्रमों में युवाओं का समर्थन किसे ज्यादा मिलेगा।
आगामी दिनों में आबादी की जमीन पर बसे लोगों को सरकार फ्री रजिस्ट्री करके दे रही है। स्वामित्व योजना अभियान की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इंदौर से करेंगे। उनकी मौजूदगी में हो रहे आयोजन में 50 हजार की संख्या जुटेगी, जिसके लिए इंदौर और उज्जैन संभाग के सभी जिलों से लाभार्थी को लाया जाएगा। 1500 बसों की व्यवस्था की गई है तो उन्हें लाने की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन को रहेगी।
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा सेवा संकल्प अभियान शुरू करने जा रही है तो ऐसा ही आयोजन सरकारी स्तर पर भी होंगे। मध्य प्रदेश में इसकी शुरुआत इंदौर से होगी, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। उनकी मौजूदगी को देखते हुए संख्या जुटाने पर फोकस किया जा रहा है। 50 हजार लोगों को जमा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए मालवा और निमाड़ के सभी जगहों से लोगों को इंदौर लाया जाएगा। आने-जाने के लिए बसों की व्यवस्था जुटाने के साथ भोजन का भी प्रबंध रहेगा।
इधर, गांधी नगर चौराहे पर आइडीए के ग्राउंड पर होने वाले इस आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 80 हजार वर्ग फीट के दो बड़े-बड़े पंडाल लगाए जा रहे हैं तो 80 बाय 40 का मंच तैयार हो रहा है। कार्यक्रम शुरू होने से पहले आने वाले बोर ना हो, जिसके लिए देशभक्ति और भजन होंगे। मंच पर चयनित जनप्रतिनिधि व भाजपा के नेताओं को स्थान दिया जाएगा। पूरे आयोजन के सूत्र जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग के पास रहेंगे। सांकेतिक तौर पर नवीन लाभार्थियों को रजिस्ट्री देंगे।
स्वामित्व योजना को लेकर पिछले कुछ महीनों में सर्वे का काम चल रहा था। जिला प्रशासन ने फेहरिस्त तैयार की तो ये आंकड़ा करीब 94 हजार हो रहा था। सभी लोगों की रजिस्ट्री कराई जाना है जिसको लेकर सिस्टम तैयार करेंगा ताकि जनता को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
इंदौर के आयोजन बाद शाम 5 बजे नितिन नवीन उज्जैन के लिए रवाना होंगे। रात को भस्म आरती में शामिल होने के बाद वे इंदौर होते हुए दिल्ली रवाना होंगे। इंदौर एयरपोर्ट पर अगवानी करने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई नेता पहुंचेंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत मालवा प्रांत के प्रवास पर आ रहे हैं। भागवत 17 सितंबर को दोपहर उज्जैन पहुंचेंगे। वहां अरविंद नगर में उज्जैन महानगर के स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। अगले दिन 18 सितंबर को उज्जैन में ही सुबह 11 बजे सरसंघचालक सेवाज्ञ संस्थानम् की आयोजित 'युवा धर्म संसद' में युवाओं को संबोधित करेंगे। वे इंदौर के सुदर्शन कार्यालय में आकर रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन जाएंगे। इंदौर में कार्यालय भ्रमण कर व्यवस्थाओं को देखेंगे।