
इंदौर. मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) की अहम प्रबंध कारिणी (मैनेजिंग कमेटी) की बैठक शनिवार को होगी। होलकर स्टेडियम के प्रशासनिक भवन में दोपहर 1.30 बजे से होने वाली बैठक में संगठन की वार्षिक बैलेंस शीट पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। एजीएम से पहले मैनेजिंग कमेटी से बैलेंस शीट को हरी झंडी मिलने के साथ ही उपसमितियों की अनुशंसाओं पर भी विचार किया जाएगा। अभिलाष खांडेकर की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसमें प्रदेश में क्रिकेट विकास को लेकर डेवलपमेंट कमेटी द्वारा विभिन्न संभागों और जिलों में जमीनों सहित मैदानों को तैयार करने, ग्वालियर में तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम सहित इंदौर में सुपर कॉरिडोर पर स्टेडियम की जमीन के मुद्दे प्रमुख हैं। सूत्रों के अनुसार कोरोना काल से पहले इंदौर में हुए दो अंतरराष्ट्रीय मैच से एमपीसीए को खासा आर्थिक फायदा मिला है। इस वर्ष की बैलेंस शीट करीब 52.65 करोड़ के फायदे की है, जो शनिवार को मैनेजिंग कमेटी के समक्ष पेश की जाएगी।सभी टूर्नामेंट कराने पर फोकसमार्च 2020 से कोरना के चलते लगे लॉकडाउन और कफ्र्यू के कारण एमपीसीए व संभागीय सहित जिला इकाइयां अपने विभिन्न आयुवर्ग के कई टूर्नामेंट नहीं करा सकी हैं। फिलहाल कोरोना के लेकर स्थिति नियंत्रित होने के चलते इस वर्ष सभी वार्षिक टूर्नामेंट कराने एमपीसीए का फोकस है। टूर्नामेंट नहीं होने से भी एमपीसीए का इस वर्ष काफी खर्च कम हुआ है, हालांकि खिलाडिय़ों की फिटनेस सहित जिला स्तर पर डेवलपमेंट को लेकर काफी काम किए गए हैं।
म्यूजियम और लाइब्रेरी पर भी मंथन
दोपहर एक बजे से मैनेजिंग कमेटी मीटिंग के बाद शाम पांच बजे से एमपीसीए ने अपने सदस्यों का गेट टू गेदर रखा है। इस मेल मुलाकात के दौरान एमपीसीए द्वारा प्रदेश के क्रिकेट को लेकर बनाए जा रहे म्यूजियम और लाइब्रेरी को लेकर चर्चा की जाएगी। म्यूजियम का काफी काम हो चुका है, आगे की तैयारी को लेकर सदस्यों से सुझाव लिए जाएंगे।